- Hindi News
- National
- Hingoniya News Rajasthan News Padampura The Process Of Death Of Cows Is Not Stopping
पदमपुरा:नहीं थम रहा गायों की मौत का सिलसिला
भास्कर न्यूज | बाड़ापदमपुरा
आदर्श ग्राम पंचायत बाडा पदमपुरा मुख्य बाजार में एक माह में एक दर्जन आवारा गायों की मौत हो गई। स्थानीय दुकानदारों ने बताया की मुख्य बाजार में लगभग दो दर्जन आवारा गाय घूमती रहती थी।
गायों के चारा पानी की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण व कड़ाके की ठण्डा व पॉलिथीन खाने से पिछले कुछ दिनों से एक के बाद एक गाय की मौत होती जा रही है। रोज हो रही आवारा गायों की मौत एक ओर जहां स्थानीय दुकानदारों व ग्रामीणों में चर्चा का विषय बनी हुई हैं वहीं दूसरी ओर स्थानीय प्रशासन व पशुपालन विभाग द्वारा गायों की मौत पर उचित कदम नहीं उठाने से ग्रामीणों में भारी रोष हैं।
गोशाला खुलवाने की मांग
निवर्तमान सरपंच अर्जुन लाल मीणा ने बताया कि पदमपुरा क्षेत्र में असंख्य आवारा गायें हैं परन्तु उनके चारे पानी की कोई व्यवस्था नही हैं। गोचर भूमियों पर अवैध अतिक्रमण हो गए हैं। आवारा गायें भूख मिटाने के लिए या तो किसानों की फसलों को चो पट करती हैं या बाजारों में पॉलिथीन व कचरा खाकर अपनी भूख मिटाती हैं। पदमपुरा क्षेत्र में गोशाला खुलवाने के लिए कई बार उच्चाधिकारियों को लिखित में देकर मांग की जा चुकी हैं। जयपुर नगर निगम को आवारा गायों को पकड़कर हिंगोनिया गोशाला में भेजने के लिए पत्र लिखकर दिया जा चुका हैं परन्तु अभी तक इनकी सुध नही ली गई है।
धडल्ले से बिक रही हैं पॉलिथीन
पॉलिथीन पर प्रतिबंध लगाने के बाद सरकार व प्रशासन कुछ दिनों तक तो पॉलिथीन में सामान देने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई की। मगर अब खुलेआम धडल्ले से बाजारों में पॉलिथीन का इस्तेमाल हो रहा हैं। प्रशासन की उदासीनता के चलते ये अभियान बंद हो गया। जिससे स्वच्छता अभियान पर भी विपरीत असर पड़ रहा हैं।