- Hindi News
- National
- Shahpura News Rajasthan News Siddhababa39s Shouts Echo In The Hills Of Dhawahali
धवाहाली की पहाड़ियों में गूंजे सिद्धबाबा के जयकारे
गठवाड़ी| सिद्धबाबा आश्रम धवाहाली धाम में परिक्रमा में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। वार्षिक परिक्रमा के लिए शुक्रवार से ही पदयात्रा लेकर श्रद्धालुओं के जत्थे धवाहाली धाम पहुंच रहे थे। पूरी रात आश्रम में भजन सत्संग के आयोजन हुए। एवं चंग वादकों के दलों ने अपनी प्रस्तुतियां दी। शनिवार तड़के सिद्धबाबा की पहाड़ी की परिक्रमा शुरू हुई। लोगों ने उबड़ खाबड़ रास्तों की परवाह किए बिना हाथों में निशान थामें जयकारे लगाते करीब 5 किमी की परिक्रमा पूरी कर निशान चढाए। श्रद्धालुओं द्वारा निशान चढ़ाए जाने के बाद पूरी पहाड़ी रंग बिरंगी पताकाओं से अट गई। सिद्धबाबा की समाधि की मनोरम झांकी सजाई गई। श्रद्धालुओं ने छबीले शरण देवाचार्य जी महाराज एवं रामकिशन दास जी महाराज का आशिर्वाद लिया। शाम को वार्षिक मेला भरा। आस पास के गांवों के साथ ही हरियाणा, दिल्ली, अलवर, कोटपूतली सहित पूरे प्रदेश से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद चढ़ा कर मनौतियां मांगी। सुबह से ही भंडारे में पंगत प्रसादी का सिलसिला शुरू हो गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने पंगत प्रसादी पाई। ग्रामीणों ने मेले में लगी दुकानों पर खरीदारी की। मनोहरपुर थाना पुलिसकर्मी मेले में शांति व्यवस्था के लिए तैनात रहे।
चंग की थाप पर थिरके ग्रामीण
अमरसर | राडावास कस्बे के हनुमान मंदिर परिसर में रविवार काे ग्रामीणों की ओर से फागोत्सव मनाया गया। चंग की ताल पर ग्रामीणों ने जमकर नृत्य किया। तिलक होली के साथ ही पुष्प वर्षा कर फागोत्सव मनाया गया। लुप्त होती संस्कृति को ग्रामीणों के समूह द्वारा इसे जीवंत करने की कोशिश के चलते समूह में गाये जाने वाले गीतों के माध्यम से लोक नृत्य कर फागोत्सव मनाया गया। आयोजन समिति के सुरेश कुमार ने बताया कि मंदिर में सुबह से ही भजनों की प्रस्तुति दी गई।
आंतेला में सुन्दर कांड कार्यक्रम
भाबरू|आंतेला स्थित मोहनदास जी मंदिर में रविवार को सुंदरकांड कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर श्याम मंडल अध्यक्ष बाबूलाल सैनी, वार्डपंच महेश गुप्ता, सुभाष चंद्र, करतारसिंह, जितेंद्र कुमार, मनीष कुमार समेत दो दर्जन श्रद्धालुओं ने सुंदरकांड के पाठ का वाचन किया।
गठवाड़ी. धवाहाली धाम में वार्षिक मेले के दौरान प्रस्तुति देता चंगवादकों का दल