- Hindi News
- National
- R.mandi News Rajasthan News Such A Spirit Of Social Service That Lavina Reaches To Serve The People As Soon As The Information Is Received
समाजसेवा का ऐसा जज्बा कि सूचना मिलते ही लोगों की सेवा करने पहुंच जाती हैं लवीना
शहर की समाजसेवी लवीना शर्मा को सामाजिक कार्य और लोगों की मदद करने का ऐसा जुनून है कि वे लोगों की सेवा करने के लिए कहीं भी पहुंच जाती हैं। भले ही कहीं चिकित्सा शिविर लगा हो या रक्तदान का आयोजन हो, वे वहां सेवा कार्य करने जाती हैं।
लवीना मानती हैं कि लोगों की सेवा करने से मन को सुकून मिलता है। भले ही लोग इसे बेकार का काम समझते हों, लेकिन इससे ऐसा लगता है कि मानो ईश्वर की भक्ति कर ली हो। लोग जब दुआ देते हैं तो ऐसा लगता है कि भगवान ने आशीर्वाद दे दिया। यही कारण है कि लवीना हमेशा लोगों की सेवा के लिए तैयार रहती है।
लवीना की तालीम अजमेर में टॉप स्कूलों से हुई। उन्होंने सोफिया कॉलेज से अंग्रेजी में एमए और बीएड किया। बाद में उन्होंने एमबीए भी किया। अच्छी पढ़ाई के बाद भी उन्होंने सेवा कार्य को चुना, वे चाहती तो अच्छी सैलरी पर कहीं पर भी काम कर सकती थीं, लेकिन उनका मानना है कि हमें वही काम करना चाहिए, जिससे मन को सुकून मिले। लवीना शर्मा की शादी रामगंजमंडी में होने के बाद उन्होंने समाजसेवा का काम करना शुरू किया। वे बापना सोशल सर्किल और भारत विकास परिषद के निशुल्क चिकित्सा शिविरों में सेवा देती आ रही हैं।
लवीना शर्मा ब्राह्मण समाज में भी हैं सक्रिय
समाजसेवा के कारण लवीना ब्राह्मण समाज में भी लोकप्रिय हैं। वे ब्राह्मण समाज में ब्लॉक अध्यक्ष के पद हैं और समाज के लिए बेहतर काम कर रही हैं। इसके अलावा वे सीएलजी सदस्य भी हैं। वे पुलिस थानों में होने वाली बैठकों में महिलाओं और बेटियों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाती हैं। लवीना का कहना है कि उनके पति विवेक शर्मा बिजनेसमैन हैं और सबसे ज्यादा वे मुझे सपोर्ट करते हैं।
भर्ती से लेकर ऑपरेशन तक संभालती हैं लवीना
लवीना ने बताया कि पहले वह सूचना के आधार पर चिकित्सा शिविरों में सेवा देने के लिए पहुंच जाती थीं। जब लोगों को मेरी सेवा में अपनत्व दिखाई दिया तो शिविरों की मेरे पास सूचनाएं आने लगीं। अब में सामाजिक संस्थाओं से जुड़कर लोगों की मदद करती हूं। मैं चिकित्सा शिविरों में लोगों को भर्ती करने से लेकर उनके ऑपरेशन होने तक उनकी देखभाल करती हूं।
पहले ही शिविर में 150 यूनिट रक्तदान
रक्तदान शिविर अक्सर पुरुषों या संस्थाओं की ओर से लगाए जाते हैं, लेकिन महिला होने के बाद भी लवीना ने रक्तदान शिविर लगाया। इसे लवीना की समाजसेवा का प्रताप कहें या उनकी लोकप्रियता कि पहले ही शिविर में 150 यूनिट रक्तदान हो गया। लवीना समय निकालकर गांवों में जाती हैं और महिलाओं के साथ उनके परिजनों को रक्तदान करने के लिए प्रेरित करती हैं। वहीं, सामाजिक बुराइयों को छोड़ने का संकल्प दिलवाती हैं।
रामगंजमंडी. समाजसेवी लवीना शर्मा गांवों में जाकर महिलाओं को जागरूक कर रही हैं।