होली पर रहा कोरोना वायरस का असर
इस बार कोरोना वायरस का असर होली पर भी देखा गया। गत वर्ष की तुलना में इस बार लोगो ने सीमित दायरे में ही होली खेली। अधिकांश लोगो ने होली पर रंगों का प्रयोग नही किया। गुलाल एवं फूलों से ही होली खेली गई। इससे पूर्व सोमवार शाम गोधुली वेला में वीधी विधान पूर्वक जगह-जगह होलिका का दहन किया गया।
धूमधाम से मनाई होली
बिचून | कस्बे सहित आस पास के क्षेत्र में सोमवार को होली का पर्व धूमधाम से मनाया। घर घर मे पकवान बनाए। शाम 6.30 पर होली दहन के बाद होली मिलन का दौर चला। मंगलवार को रंगों का त्योहार धुलेंडी पर्व मनाया। भास्कर की पहल पर युवाओं ने तिलक होली खेली। महिलाओं व युवतियों ने सुहाग व अच्छे वर की कामनाओं को लेकर 16 दिन का गणगौर पूजन शुरू किया।
दूदू/फागी/मौजमाबाद | कस्बे सहित आसपास क्षेत्र में होलिका दहन कर ग्रामीणों ने सुख शांति की कामना की। किसानों ने ओलावृष्टि से बचाने की कामना की। इसके साथ ही दूसरे दिन धुलेंडी पर्व हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। दूदू, फागी के गांवों में
मंदिरों में पूजा-अर्चना कर एक-दूसरे के गुलाल लगा कर भाईचारे का संदेश दिया। मौजमाबाद व फागी के द्वारकाधीश ऐतिहासिक मंदिर में श्रद्धालुओं ने फागोत्सव एवं फूलों और गुलाल के साथ होली खेली गई। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कस्बे के मुख्य मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा।
होली-धुलेंडी का पर्व हर्षोल्लास से मनाया
बगरू / बगरू ग्रामीण| कस्बे सहित आस पास के क्षेत्र में सोमवार को होली व मंगलवार को धुलेंडी पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने होली की पूजा अर्चना की इसके बाद होली दहन हुआ। कस्बे के पाल वाले बालाजी के सामने कस्बे की मुख्य होली का दहन हुआ। मंगलवार को धुलेंडी पर्व पर अल सुबह से ही बच्चों की टोलियां एक दूसरे को रंग लगाते हुए गली मोहल्लों में पहुंचे तथा जमकर होली खेली। दस बजे बाद
युवा व बुजुर्ग चंग की थाप पर ठुमके लगाते हुए एक दूसरे को गुलाल लगाते हुए होली की बधाइयां दी। बुधवार को कस्बा थाने, सेज थाने व भांकरोटा थाने सहित अन्य थानों के पुलिसकर्मियों ने रंग लगाकर होली की बधाइयां दी।
राष्ट्र भक्ति का दिया संदेश
जोबनेर| शहर में नया बाजार, मंदिर के पास होली का दहन धूमधाम से हुआ। इस मौैके पर महिलाओं ने मंगल गीत गाए और होलिका के दर्शन किए। दूसरे दिन पानी व रंगों के बजाय गुलाल से होली खेल जागरूकता का परिचय दिया। शहर में ब्रज यात्रा मंडल, वीआईपी ग्रुप, मानस मंडल सहित लोगों ने गुलाल होली खेली। धुलंडी पर्व पर युवकों में अलग ही जोश दिखाई दिया। एनआरसी, सीएए के समर्थक के रूप में कई युवकों ने एक ही प्रकार की टी शर्ट पहनी तथा मुंह पर गुलाल से तिरंगा झंडा बनाकर अलग ही अंदाज में होली का लुत्फ लेते नजर आए।