पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Chandwaji News Rajasthan News Women Forced To Bring Water From One Km Away

एक किमी दूर से पानी लाने को मजबूर महिलाएं

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

ग्राम पंचायत बीलपुर के गांव सुंदर का बास में पेयजल संकट से ग्रामीण परेशान हो रहे है। महिलाओं को करीब एक किलोमीटर दूर पैदल चलकर कृषि नलकूपों में बोरिंग से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। कमलेश कुमार प्रजापत ने बताया कि सुंदर का बास के बड़ा की ढाणी, कुम्हारों के मोहल्ला, राजपूतों का मोहल्ला, नाइयों का मोहल्ला में पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं है। यहां पर लगाया गया नलकूप करीब 6 माह से खराब पड़ा है। इसलिए मजबूरन ग्रामीणों को कृषि नलकूपों एवं बोरिंग पर निर्भर रहना पड़ रहा है, रात्रि के फीडर में तो जान जोखिम में डालकर महिलाओं को रात के अंधेरे में पानी भरकर लाना पड़ता है जिसमें कई बार तो कृषक पानी के लिए मना कर देते है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत में संबंधित अधिकारियों को भी अवगत करवाया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने प्रशासन से सुंदर का बास में पेयजल आपूर्ति सुचारू करने तथा बोरिंग लगाकर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। रात के बिजली फीडर में महिलाओं की जान पर बन आती है। पेयजल संकट से जूझ रहा सुंदरका बास के ग्रामीणों का दर्द कोई नहीं सुनने वाला है। यहां पर जनप्रतिनिधियों को अवगत करवाने के बावजूद सुनवाई नहीं हो पा रही है। रात के समय में महिलाओं को कृषि नलकूपों पर जाकर पानी भरकर लाना पड़ता है। जंगली जानवरों के भय की दहशत में महिलाओं की जान पर बन आती है।

बजट आने पर होगी व्यवस्था

अभी कोई स्वीकृति जारी नहीं हुई है। नए बजट में कोई स्वीकृति आए तो व्यवस्था होगी।
-अवधेश जोशी, सहायक अभियंता, जलदाय विभाग

चंदवाजी. सुंदरका बास गांव में नलकूपों से पीने के पानी भरकर लाती महिलाएं।

समाधान नहीं तो पंचायत पर देंगे धरना

ग्रामीणों ने चेताया कि पानी की समस्या का समाधान शीघ्र नहीं किया गया तो सभी ग्रामीण ग्राम पंचायत मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे। जब तक पानी की व्यवस्था नहीं होगी तब तक आंदोलन चलेगा।
खबरें और भी हैं...