फागोत्सव में भजनों पर जमकर झूमी महिलाएं
बांसखो| कस्बे स्थित नईनाथ धाम मंदिर में शुक्रवार को फागोत्सव मनाया गया। नईनाथ महाराज की पुष्पों से सजाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गायक कलाकार प्रेमचंद शर्मा, महेश शर्मा ने जय गणेश जय गणेश देवा गणेश वंदना की प्रस्तुति देकर की। कलाकारों ने होलिया रैन उड़े रैन गुलाल,भोले शंकर एवं श्यामधणी के भजनों की प्रस्तुति दी। इसमें महिलाएं भक्ति संगीत की धुनों पर भाव विभोर होकर नाची। इस दौरान पुष्पों से होली खेली गई,वहीं करीब तीन घंटे संकीर्तन हुआ। इससे समूचा वातावरण भक्तिमय हो गया।
नंद घर में अन्न प्रासन दिवस मनाया
धौला| महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत विभिन्न गांव में चल रहे नंद घरों में अन्न प्रासन दिवस मनाया गया। इस अवसर पर राजपुरवास ताला के नंद घर में अन्न प्रासन दिवस पर किशोरी बालिकाओं और ग्रामीण महिलाओं को आंगनबाड़ी महिला सुपरवाइजर उर्मिला पारीक ने पोषण व स्वच्छता के बारे में बताया। कार्यकर्ता संतोष शर्मा, सहायिका सुमित्रा शर्मा, आशा सहयोगिनी कृष्णा मीणा, धारा संस्थान ब्लॉक सुपरवाइजर रामस्वरूप गुर्जर, शिक्षक प्रमिला पारीक आदि ने अपने विचार व्यक्त किए।
5 लाख की लागत से बनेगा रामलीला मंच मय ग्रीन रूम
कोटपूतली | राज्यमंत्री राजेंद्र सिंह यादव ने कस्बे में वर्षों से चली आ रही रामलीला मंचन हेतु निर्माण कार्य के लिए 5 लाख की राशि देने पर सहमति जताई है। इस राशि से रामलीला मंच व ग्रीन रूम का निर्माण होगा। मंडल के मुख्य सलाहकार मनोज चौधरी ने बताया कि रामलीला मंडल के अध्यक्ष हजारीलाल व महामंत्री राजेश ढोढर सहित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने राज्यमंत्री यादव से मिलकर रामलीला मंचन हेतु ग्रीन रूम के निर्माण की मांग की थी जिस पर राज्यमंत्री यादव ने उक्त निर्माण के लिए 5 लाख रूप की राशि की स्वीकृति प्रदान करते हुए पीडब्लूडी एक्सईएन को तकमीना बनाकर भिजवाने के निर्देश दिए है।
अजबपुरा में भोमिया की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा
गठवाड़ी| अजबपुरा के सबलसिंह जी भोमिया के मंदिर में शुक्रवार को भोमिया की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा हुई। प्राण प्रतिष्ठा के लिए मंदिर परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। प्रधान यजमान छगन लाल लाटा, चिरंजी लाल लाटा, मामराज लाटा एवं महेश लाटा ने विधिविधान हवन पूजन आदि सम्पन्न करवाए। दोपहर 12:15 बजे बंगला धाम के राम बालक दास महाराज के द्वारा भोमिया मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की गई।