Dainik Bhaskar
Nov 21, 2019, 11:18 AM ISTजीवन मंत्र डेस्क. 21 नवंबर को शुक्र वृश्चिक राशि से निकलकर धनु में जाएगा और यहां 15 दिसंबर तक रहेगा। इस राशि में शनि और केतु दो मित्र ग्रह पहले से ही हैं। इनके साथ बृहस्पति भी है। शुक्र की ये स्थिति कई लोगों के लिए शुभ रहेगी। वहीं इसके कारण कुछ लोग परेशान भी हो सकते हैं। शुक्र की उच्च राशि मीन है, वहीं धनु राशि में शुक्र का होना सामान्य माना जाता है। हालांकि, शनि, और केतु के साथ शुक्र की मित्रता होती है। वहीं ये बृहस्पति के साथ सामान्य फल देने वाला ग्रह है। ऐसे में शुक्र का राशि परिवर्तन एक अहम गतिविधि है।
- शुक्र के राशि परिवर्तन से क्या होगा
धनु राशि में शुक्र होने से धर्म, अर्थ और काम ये तीन पुरूषार्थ सफल होते हैं। शुक्र के प्रभाव से बड़े समाजिक कार्य पूरे हो सकते हैं। धनु राशि में शुक्र के आने से प्रशासनिक और राजनैतिक मामलों में बड़े बदलाव हो सकते हैं। इन क्षैत्रों से जुड़े लोगों के लिए समय अच्छा कहा जाता है। शुक्र के राशि परिवर्तन से कई लोगों की सेहत में भी उतार-चढ़ाव आ सकते हैं। जॉब और बिजनेस में तरक्की के योग बनेंगे। विपरित लिंग के लोगों के कारण कामकाज में बदलाव होने की भी संभावना है। सुख-सुविधाएं, यात्राएं और शारीरिक सुख संबंधी मामलों में महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना है।
- ज्योतिष में शुक्र
शुक्र या वीनस को ज्योतिष में स्त्री ग्रह भी माना जाता है। शुक्र वृषभ व तुला राशि का स्वामी ग्रह है और उसे दैत्यगुरु भी माना जाता है। शुक्र किसी की कुंडली में विवाह से लेकर संतान योग तक का कारक होता है। शुक्र लाभ के साथ ही जीवन में सुख-समृद्धि का भी कारक होता है। व्यक्ति की कलात्मकता का भी विकास होता है। किसी की कुंडली में शुक्र का कमजोर या मजबूत होना काफी मायने रखता है। ज्योतिष में शुक्र अच्छे कपड़े, विवाह, आमदनी, नारी, ब्राह्मण, पत्नी, यौन जीवन का सुख, फूल, वाहन, चांदी, आनंद, कला, वाद्ययंत्र और राजसी प्रवृत्ति का कारक ग्रह है। शुक्र के राशि परिवर्तन होने से इन मामलों संबंधी बदलाव देखने को मिलते हैं।
- 12 राशियों पर कुछ ऐसा रहेगा असर
- शुभ - मेष, सिंह, कन्या, धनु, मकर और मीन
- सामान्य - मिथुन, कर्क, वृश्चिक और कुंभ
- अशुभ - वृष और तुला