पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
खेल डेस्क. चीन के बाद कोरोनावायरस से सबसे ज्यादा मौतें इटली में हुई हैं। यहां अब तक 366 लोगों की जान जा चुकी है। इस बीच, खेल मंत्री विनसेन्जो स्पाडाफोरा ने रविवार को फुटबॉल लीग सीरी-ए रद्द करने को कहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, इटेलियन फुटबॉल फेडरेशन (एफआईसीजी) को तत्काल सीरी-ए लीग को रोक देना चाहिए। एक तरफ हम खिलाड़ियों, रैफरी और कोचिंग स्टाफ को इस वायरस से बचाने के लिए लोगों पर पाबंदियां लगा रहे हैं। ऐसे में फिलहाल इस लीग का कोई औचित्य नहीं है।
फुटबॉल खिलाड़ियों की एसोसिएशन के अध्यक्ष डेमियानो टोमासी ने भी ट्वीट कर देश में फुटबॉल प्रतियोगिताओं पर रोक लगाने की बात कही। इसी बुधवार को सरकार ने लीग के आयोजकों को 3 अप्रैल तक बंद स्टेडियम में मुकाबले कराने के निर्देश दिए थे।
लोम्बार्डी को लॉकडाउन किया, यहां 1 करोड़ लोग रहते हैं
उत्तरी इटली कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित है। सरकार ने लोम्बार्डी इलाके को लॉकडाउन कर दिया है। यहां करीब एक करोड़ लोग रहते हैं। इसके अलावा सरकार ने एहतियातन वेनेटो में भी लोगों के बाहर निकलने पर रोक लगा दी है। यहां के नाइट क्लब, जिम और स्वीमिंग पूल बंद कर दिए गए हैं। पिछले दो हफ्ते में देश में 5800 से ज्यादा लोगों के वायरस से संक्रमित होने का पता चला है।
खिलाड़ी मास्क पहनकर प्रैक्टिस कर रहे
इस बीच, इटली की फुटबॉल लीग सीरी-बी की टीम पेसकरा के खिलाड़ी रविवार को मास्क पहने नजर आए। हालांकि, रैफरी ने नियमों का हवाला देकर खिलाड़ियों के मास्क पहनने को गलत ठहराया। इसके बाद बेनेवेन्टो के खिलाफ मैच में उन्हें यह उतारना पड़ा। पेसकरा क्लब ने ट्वीट किया- हमें अपनी और विपक्षी टीम के खिलाड़ियों की चिंता है। इसलिए हम मास्क पहनकर उतरे थे। इससे पहले क्लब ने वार्म अप सेशन की भी फोटो पोस्ट की थी, जिसमें खिलाड़ी मास्क पहने नजर आ रहे थे।
इंडियन वेल्स एटीपी टूर्नामेंट कैंसिल
अमेरिका के कैलिफोर्निया में 3 बाद दिन शुरू होने वाले इंडियन वेल्स टेनिस टूर्नामेंट को भी कोरोनावायरस के कारण रद्द कर दिया गया है। देश में वायरस के कारण पहला बड़ा टूर्नामेंट है, जिसे कैंसिल किया गया है। अधिकारियों ने रविवार को जानकरी दी कि उन्होंने कैलिफोर्निया के रिवरसाइड काउंटी के स्वास्थ्य विभाग द्वारा हेल्थ इमरजेंसी घोषित करने के बाद टूर्नामेंट रद्द करने का फैसला किया। इस इलाके में भी एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। टूर्नामेंट डायरेक्टर टॉमी हास ने कहा- हम टूर्नामेंट को रद्द करने से निराश हैं। लेकिन स्थानीय लोगों, फैन्स, खिलाड़ियों और स्पॉन्सर्स की स्वास्थ्य और सुरक्षा अहम है। देश में अब तक कोविड-19 से 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 545 मामलों की पुष्टि हुई है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.