पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
खेल डेस्क. कोरोनावायरस के बढ़ते मामलों के बीच बैडमिंटन खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट कराने को लेकर वर्ल्ड बैडमिंटन फेडरेशन (बीडब्ल्यूएफ) की आलोचना की है। इसमें साइना नेहवाल, किदांबी श्रीकांत समेत कई विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। साइना ऑल इंग्लैंड चैम्पियनशिप में हिस्सा लेने इंग्लैंड गईं थीं। उन्होंने ट्वीट किया- मैं हैरान हूं कि जब पूरी दुनिया में कोरोनावायरस के कारण लोगों की जान जा रही है। ऐसे में बीडब्ल्यूएफ कैसे टूर्नामेंट करा रहा है। इस बीच, पीवी सिंधु ने खेल मंत्री किरन रिजिजू को फोन कर सलाह मांगी है कि क्या वह मौजूदा हालात में टूर्नामेंट खेलना जारी रख सकती हैं। सिंधु शुक्रवार को चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल से बाहर हो गईं।
खेल मंत्री ने शुक्रवार को कहा, ‘‘सिंधु ने मुझे फोन किया था। मैंने उन्हें सलाह दी है कि जो खिलाड़ी ओलिंपिक क्वालिफाइंग टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे हैं। वे संबंधित देश द्वारा जारी हेल्थ एडवायजरी पर अमल करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद हालात पर नजर बनाए हुए हैं। सरकार गंभीर है। लोगों की सेहत प्राथमिकता है। ऐसे में सरकार पहले ही यह फैसला ले चुकी है कि ऐसे कोई भी इवेंट नहीं होंगे, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हों।’’
डेनमार्क के खिलाड़ी ने कहा- खिलाड़ी अपने स्वास्थ्य को खतरे में डाल रहे
साइना के अलावा पूर्व वर्ल्ड नंबर-8 डेनमार्क के हैन्स क्रिस्चियन ने भी ट्वीट कर बीडब्ल्यूएफ के फैसले पर नाराजगी जताई। उन्होंने लिखा, ‘‘कुछ टूर्नामेंट हो रहे हैं, जबकि कई रद्द कर दिए गए। ओलिंपिक का साल होने के कारण क्वालिफायर भी चल रहे हैं। खिलाड़ियों के पास सिर्फ दो ही विकल्प हैं। या तो वह अपने स्वास्थ्य को खतरे में डालें या अपने आस-पास के लोगों को। हालांकि, हमें ऐसे हालात में सफर नहीं करना चाहिए।’’
सिंधु क्वार्टर फाइनल में जापानी खिलाड़ी ओकुहारा से हारीं
वर्ल्ड चैम्पियन पीवी सिंधु भी शुक्रवार को ऑल इंग्लैंड चैम्पियनशिप से हारकर बाहर हो गईं। उन्हें क्वार्टर फाइनल में जापान की नोजोमी ओकुहारा ने 12-21, 21-15,21-13 से हराया। यह मैच 68 मिनट चला। सिंधु की हार के बाद इस चैम्पियनशिप में भारत की उम्मीदें खत्म हो गईं हैं। दोनों के बीच इससे पहले 16 मुकाबले हुए हैं। इसमें सिंधु ने 9, जबकि जापानी खिलाड़ी ने 7 जीते।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.