खेल डेस्क. भारत की हिमा दास ने पोलैंड में कुटनो एथलेटिक्स मीट में महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। हिमा ने 23.97 सेकंड में यह दौड़ जीती। इसी स्पर्धा में भारत की वीके विस्मया को रजत पदक मिला। विस्मया ने रेस को पूरा करने में 24.06 सेकंड लिया। हिमा ने एक सप्ताह में दूसरी बार 200 मीटर दौड़ में पहला स्थान अपने नाम किया। वे 4 जुलाई को पोजनान एथलेटिक्स ग्रां प्री में भी स्वर्ण जीती थीं।
पुरुषों में मोहम्मद अनस ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने दौड़ को 21.18 सेकंड में पूरा किया। एमपी जुबीर ने 400 मीटर बाधा दौड़ में रजत और जितिन पाल ने कांस्य जीता। जुबीर ने 50.21 और जितिन ने 52.26 सेकंड का समय लिया। महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में भारत की पी सरिताबेन ने स्वर्ण, सोनिया बैस्या ने रजत और आर विद्या ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
हिमा ने पोजनान एथलेटिक्स ग्रां प्री में 23.65 सेकंड का समय निकाला था
पोजनान एथलेटिक्स ग्रां प्री में हिमा ने पहली बार 200 मीटर दौड़ में हिस्सा लिया था। उन्होंने 23.65 सेकंड में उस दौड़ को अपने नाम किया था। उसी प्रतियोगिता में विस्मया ने 23.75 सेकंड में कांस्य जीता था। वहीं, पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में मोहम्मद अनस ने 20.75 सेकंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया था। उन्हें कांस्य से संतोष करना पड़ा था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.