पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
खेल डेस्क. कोरोनावायरस के कारण यूईएफए चैम्पियंस और यूरोपा फुटबॉल लीग एक हफ्ते के लिए टाल दी गई है। दोनों लीग में अगले हफ्ते शुक्रवार से क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले जाने थे। लेकिन अब यह मैच नहीं होंगे। यह फैसला यूरोपीय फुटबॉल कैलेंडर तय करने के लिए होनी वाली बैठक से 4 दिन पहले लिया गया है। इसी बैठक में 2020 की यूरोपीय चैम्पियनशिप को 1 साल टालने का फैसला हो सकता था।
चैम्पियंस लीग में बुधवार को बार्सिलोना-नेपोली और बार्यन म्यूनिख-चेल्सी के बीच होना था। लेकिन इटली और स्पेन के बीच यात्रा पर प्रतिबंध और दो फुटबॉल खिलाड़ियों कलुम हडसन-ओडोई और डेनली रुगानी के संक्रमित होने के बाद इन मैचों को भी टाल दिया गया। कोच मिकेल अर्टेटा की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद आर्सेनल की टीम और सपोर्ट स्टाफ आइसोलेशन में हैं। इस बीच, ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज केन रिचर्डसन की कोरोनावायरस टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
युवेंटस के संक्रमित खिलाड़ी से मिलने वालों को आइसोलेशन में रखा जाएगा
युवेंटस ने कहा, ‘‘रुगानी में कोरोनावायरस पॉजिटिव पाया गया है। क्लब फिलहाल हर तरह के आइसोलेशन की व्यवस्था कर रहा है। इसमें उन लोगों को भी रखा जाएगा, जिनसे रुगानी ने संपर्क किया था।’’ इटली सरकार ने कोरोनावायरस के कारण 3 अप्रैल तक सभी टूर्नामेंट्स को स्थगित कर दिया है। युवेंटस का यूईएफए चैम्पियंस लीग में अगला मुकाबला लियोन से है। इस मैच को देखने के लिए मैदान में दर्शक मौजूद नहीं होंगे।
रिचर्डसन की रिपोर्ट नेगेटिव
केन रिचर्डसन हाल ही में दक्षिण अफ्रीका दौरे से लौटे थे। उन्हें गले में दर्द और खराश की शिकायत थी। इसके बाद उन्हें क्वॉरंटाइन किया गया। शुक्रवार दोपहर उनकी टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आई। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड इस वक्त वनडे सीरीज खेल रहे हैं। इस सीरीज के सभी मैच खाली मैदान में होंगे। वहीं, ऑस्ट्रेलिया में फॉर्मूला-1 ग्रां प्री का एक सदस्य भी संक्रमित पाया गया। इसके बाद टूर्नामेंट को रद्द कर दिया गया। कोरोनावायरस से दुनिया के 110 देशों में 4,973 लोगों की मौत हो चुकी है और 1 लाख 34 हजार से ज्यादा संक्रमित हैं। सबसे ज्यादा मामले चीन, इटली, ईरान, जापान, स्पेन और अमेरिका में सामने आए हैं।
अन्य खेलों पर असर
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.