भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण संबंध के बीच दोस्ती की नई इबारत लिखी जा रही है। इंडियन मिडिल ऑर्डर की दीवार कहे जाने वाले चेतेश्वर पुजारा और पाकिस्तानी विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्हद रिजवान की दोस्ती सात समंदर पार सुर्खियों में है। दरअसल माजरा ये है कि दोनों ही खिलाड़ी ससेक्स की ओर से काउंटी क्रिकेट खेल रहे हैं।
वहां एक मुकाबले में डरहम के खिलाफ दोनों ने मिलकर 154 रन की साझेदारी निभाई। उनकी रनिंग बिटवीन द विकेट्स देखकर महसूस हो रहा था कि केमिस्ट्री मैदान के बाहर भी शानदार है। अब मोहम्मद रिजवान ने पुजारा को प्यारा शख्स बताया है और उनसे काफी कुछ सीखने की बात कही है।
भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट के अभाव में काउंटी क्रिकेट फैंस को दे रहा खुशी के पल
पुजारा और रिजवान को एक साथ खेलते देखना क्रिकेट फैंस को बहुत भा रहा है। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सीरीज के अभाव में फैंस रोमांच की चरम सीमा की अनुभूति नहीं कर पा रहे थे। ऐसे में भारत और पाकिस्तान के 2 प्रमुख खिलाड़ियों को एक ही टीम के लिए खेलते देखना फैंस के लिए नया एहसास है।
काउंटी क्रिकेट ने उन्हें यह मौका दिया है। रिजवान कहते हैं कि पुजारा के साथ उन्हें कभी कुछ अजीब महसूस नहीं हुआ। वह उनके साथ जमकर हंसी-मजाक करते हैं और कई बार चिढ़ाते भी हैं।
पुजारा की तरह करना चाहते हैं रिजवान खेल पर फोकस
रिजवान पुजारा को प्यारा इंसान बताते हैं। साथ ही वह पुजारा के कंन्संट्रेशन लेवल से भी अच्छे-खासे प्रभावित हैं। रिजवान पुजारा की ही तरह अपना फोकस बढ़ाना चाहते हैं। यूनिस खान रिजवान की नजर में सबसे ज्यादा कंसन्ट्रेशन लेवल वाले प्लेयर हैं। पुजारा ने रिजवान को वाइट बॉल क्रिकेट से रेड बॉल क्रिकेट में आने के बाद खेल को लेकर कई टिप्स दिए।
पुजारा कई वर्षों से टीम इंडिया के रेड बॉल एक्सपर्ट रहे हैं। पुजारा को लास्ट ईयर चेन्नई सुपर किंग्स ने IPL में खरीदा था, लेकिन खेलने का मौका नहीं दिया। इसबार किसी भी टीम ने पुजारा पर बोली लगाना जरूरी नहीं समझा।
परेशान रिजवान को पुजारा ने संभाला
रिजवान एक पारी में जल्दी आउट होने के बाद काफी परेशान हो गए। मुश्किल दौर में उन्हें पुजारा का सहारा मिला। पुजारा ने समझाया कि आप अपने शरीर के जितने नजदीक से गेंद को खेलेंगे, आउट होने की संभावनना उतनी कम होगी। हाल में लगातार वाइट बॉल क्रिकेट खेल रहे रिजवान गेंद को बॉडी से दूर हिट कर रहे थे। इस कारण वह सस्ते में आउट हो रहे थे।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा दोहरे शतक बनाने वाले बल्लेबाज बने पुजारा
काउंटी क्रिकेट में दो डबल सेंचुरी लगाने के साथ ही पुजारा की फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 15 डबल सेंचुरी हो गई हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सबसे ज्यादा डबल सेंचुरी लगाने वाले टॉप-10 बल्लेबाजों की लिस्ट में पुजारा 9वें नंबर पर पहुंच गए हैं। भारत की ओर से इससे पहले सिर्फ महाराजा रणजीत सिंह 14 दोहरे शतकों के साथ इस लिस्ट में शामिल थे। इस लिस्ट में टॉप पर डॉन ब्रैडमैन हैं जिनके नाम फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 37 दोहरे शतक हैं।
ससेक्स के लिए खेलते हुए पुजारा ने 4 मुकाबलों में चार शतकों की मदद से 717 रन बनाए हैं। इसमें डर्बीशायर और डरहम के खिलाफ लगाए दोहरे शतक भी शामिल हैं। इस दौरान पुजारा का औसत 135 से ऊपर का रहा है और वे चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.