धोनी मैदान के बाहर भी सुपर कप्तान:कहा- जब तक सभी साथी सुरक्षित घर नहीं पहुंच जाते, तब तक मैं भी चेन्नई टीम को छोड़कर होटल से नहीं जाऊंगा

नई दिल्ली2 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चेन्नई सुपर किंग्स टीम के साथ कप्तान महेंद्र सिंह धोनी। IPL 2021 सीजन में टीम पॉइंट टेबल में दूसरे नंबर पर है। - Dainik Bhaskar
चेन्नई सुपर किंग्स टीम के साथ कप्तान महेंद्र सिंह धोनी। IPL 2021 सीजन में टीम पॉइंट टेबल में दूसरे नंबर पर है।

कोरोना के चलते IPL 2021 सीजन को बीच में ही रोके जाने के बाद विदेशी प्लेयर्स को चार्टर्ड प्लेन और भारतीय खिलाड़ियों को बस से घर पहुंचाया जा रहा है। इसी बीच, चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का मैदान के बाहर भी सुपर कप्तानी वाला रूप देखने को मिला है। उन्होंने कहा है कि जब तक टीम के सभी खिलाड़ी सुरक्षित घर नहीं पहुंच जाते, तब तक वे भी होटल छोड़कर नहीं जाएंगे।

39 साल के धोनी अभी चेन्नई टीम के साथ दिल्ली के एक होटल में ठहरे हुए हैं। टीम के साथ फाफ डु प्लेसिस और ड्वेन ब्रावो समेत कुछ विदेशी खिलाड़ी भी हैं। CSK फ्रेंचाइजी ने खिलाड़ियों को शिफ्ट करने के लिए 10 सीटर चार्टर्ड फ्लाइट का इंतजाम किया है।

पहले विदेशी खिलाड़ियों को भेजना चाहिए
सूत्रों के मुताबिक धोनी ने कहा है कि वे होटल से जाने वाले आखिरी व्यक्ति होंगे। वे चाहते हैं कि विदेशी खिलाड़ियों को सबसे पहले रवाना किया जाना चाहिए। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों का नंबर आए। जब सभी लोग अपने घर सुरक्षित पहुंच जाएंगे, उसके बाद वे सबसे आखिर में फ्लाइट पकड़कर अपने घर रांची पहुंचेंगे।

शाकिब और रहमान बांग्लादेश लौटे
बांग्लादेश के 2 खिलाड़ी शाकिब अल हसन और मुस्तफिजुर रहमान IPL 2021 सीजन खेलने के लिए भारत आए थे। अब टूर्नामेंट सस्पेंड होने के कारण दोनों चार्टर्ड फ्लाइट से बांग्लादेश रवाना हो गए। रहमान राजस्थान रॉयल्स और शाकिब कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हैं।

विराट कोहली घर पहुंचे

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) टीम के कप्तान विराट कोहली मंगलवार को ही घर यानी मुंबई पहुंच गए। उनकी टीम के विदेशी खिलाड़ी भी जल्द घर पहुंचेंगे। साउथ अफ्रीका के खिलाड़ियों और स्टाफ को जल्द ही मुंबई और दोहा के रास्ते घर भेजा जाएगा। फ्रेंचाइजी इसके लिए BCCI और साउथ अफ्रीकी क्रिकेट बोर्ड के संपर्क में है।

संक्रमित माइक हसी और बालाजी को चेन्नई ले जाया गया
चेन्नई टीम के बैटिंग कोच माइक हसी और बॉलिंग कोच एल बालाजी का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया था। उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए दिल्ली से चेन्नई ले जाया गया। वहां दोनों का बेहतर इलाज किया जाएगा। हसी का टेस्ट निगेटिव आने के बाद ही उन्हें घर यानी ऑस्ट्रेलिया के लिए चार्टर्ड प्लेन से रवाना किया जाएगा।

CSK टीम पॉइंट टेबल में दूसरे नंबर पर
धोनी की टीम इस सीजन में पिछली बार के मुकाबले शानदार फॉर्म में थी। टूर्नामेंट रुकने तक CSK टीम 7 में से 5 मैच जीतकर पॉइंट टेबल में दूसरे नंबर पर मौजूद थी। टीम के लिए ओपनर फाफ डु प्लेसिस ने सबसे ज्यादा 380 रन बनाए थे।

इंग्लैंड के 8 खिलाड़ी लंदन पहुंच चुके
इंग्लैंड के 11 में से 8 खिलाड़ी तो बुधवार को ही चार्टर्ड फ्लाइट से लंदन पहुंच गए। 3 खिलाड़ी अगले 1-2 दिन में उड़ान भरेंगे। वहीं, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाड़ी भी अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। उन्हें मालदीव के रास्ते चार्टर्ड फ्लाइट से भेजा जाएगा। दरअसल, दोनों देशों ने भारत से अभी सभी उड़ानों को बंद कर रखा है। न्यूजीलैंड के कुछ खिलाड़ी 10 मई के बाद सीधे इंग्लैंड रवाना होंगे। उन्हें वहां टीम इंडिया के साथ ही टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल खेलना है।