IPL 2022 के 65वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने मुंबई इंडियंस को 3 रन से हरा दिया है। 194 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम 20 ओवर में 190 रन बना पाई। MI के लिए सबसे ज्यादा 48 रनों कप्तान रोहित शर्मा ने बनाए। वहीं, उमरान मलिक ने हैदराबाद के लिए सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। मुंबई की IPL 2022 में 10वीं हार है।
कैसे पहुंचेगी हैदराबाद प्लेऑफ में
SRH को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए दूसरी टीमों के नतीजे पर निर्भर रहना पड़ेगा। इसके लिए जरूरी है कि दिल्ली और बेंगलुरु अपना-अपना आखिरी मैच हारे और हैदराबाद अपने आखिरी मैच में बहुत बड़े अंतर से जीत हासिल करे।
टिम डेविड की धमाकेदार बल्लेबाजी
मुंबई के लिए आखिरी ओवरों में टिम डेविड ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 18 गेंद में 46 रन बना दिए। उनके बल्ले से 3 चौके और 6 छक्के निकले। ऐसा लगा वो मैच मुंबई के पक्ष में ले जाएंगे, लेकिन वो 19वें ओवर में स्ट्राइक पर आने के चक्कर में रन-आउट हो गए।
ईशान रोहित की शानदार साझेदारी
194 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम की शुरुआत शानदार रही। रोहित शर्मा और ईशान किशन ने पहले विकेट के लिए 66 गेंद में 95 रनों की साझेदारी की, इस साझेदारी में रोहित के बल्ले से 36 गेंद में 48 रन तो वहीं, ईशान के बल्ले से 30 गेंद में 38 रन निकले। रोहित एक बार फिर अर्धशतक नहीं लगा पाए। IPL 2022 में रोहित के बल्ले से एक भी फिफ्टी नहीं निकली है। उन्होंने अपनी 48 रनों की पारी में 4 छक्के और 2 चौके लगाए।
रोहित के आउट होने के बाद ईशान भी ज्यादा देर तक पिच पर टिक नहीं पाए। वो 34 गेंद में 43 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 5 चौका और 1 छक्का निकला।
राहुल त्रिपाठी की धमाकेदार पारी
मैच में हैदराबाद के लिए नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आए राहुल त्रिपाठी का बल्ला जमकर बोला। उन्होंने सिर्फ 44 गेंद में 76 रन बनाए। उनके बल्ले से 9 चौके और 3 छक्के निकले। उनका स्ट्राइक रेट 172.72 का रहा। इस सीजन राहुल के बल्ले से तीसरी फिफ्टी निकली। वहीं, इस सीजन अपना पहला मुकाबला खेल रहे प्रियम गर्ग ने 42 और निकोलस पूरन ने 38 रनों की पारी खेली। मुंबई के लिए रमनदीप सिंह ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए।
राहुल-प्रियम गर्ग की शानदार साझेदारी
हैदराबाद का पहला विकेट बहुत जल्दी गिर गया। अभिषेक शर्मा 9 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद राहुल त्रिपाठी और प्रियम गर्ग के बीच शानदार साझेदारी हुई। दोनों ने सिर्फ 43 गेंद में 78 रन जोड़ दिए। इस साझेदारी के दौरान राहुल के बल्ले से 23 गेंद में 39 रन निकले। वहीं, प्रियम ने 20 गेंद में 27 रन बनाए। प्रियम जब आउट हुए तो वो 26 गेंद में 42 रन बना चुके थे।
नहीं चला अभिषेक का बल्ला
हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा मैच में कुछ खास कमाल नहीं कर पाए। इस अहम मुकाबले में इस खिलाड़ी से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वो 10 गेंद में 9 रन बनाकर आउट हो गए। उनका विकेट डेनियस सैम्स ने लिया।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
मुंबई इंडियंसः ईशान किशन, रोहित शर्मा (कप्तान), डेनियल सैम्स, तिलक वर्मा, रमनदीप सिंह, ट्रिस्टन स्टब्स, टिम डेविड, संजय यादव, जसप्रीत बुमराह, राइले मिरिडिथ और मयंक मार्कंडेय।
सनराइजर्स हैदराबादः अभिषेक शर्मा, प्रियम गर्ग, केन विलियम्सन (कप्तान), राहुल त्रिपाठी, एडेन मार्करम, निकोलस पूरन, वाशिंगटन सुंदर, भुवनेश्वर कुमार, फजलहक फारुकी, उमरान मलिक और टी. नटराजन।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.