राजस्थान रॉयल्स (RR) ने IPL 2022 के 9वें मैच में मुंबई इंडियंस (MI) को 23 रन से हरा दिया है। MI के सामने 194 रन का टारगेट था, जिसके जवाब में टीम 170/8 का स्कोर ही बना सकी और मुकाबला हार गई। मुंबई की हार के बड़े जिम्मेदार कीरोन पोलार्ड रहे।
पोलार्ड ने 24 गेंदों पर केवल 22 रन बनाए। वह 13वें ओवर में बैटिंग के लिए आए थे, उस समय टीम का स्कोर 121/3 था और मुंबई अच्छी स्थिति में थी। जब 12 गेंदों में MI को 39 रन बनाने थे, तब पोलार्ड 10 रन ही बना सके। आखिरी दो ओवर में पोलार्ड ने केवल दो चौके ही लगाए।
खास बात तो ये रही की इस दौरान उन्होंने सिंगल लेने के लिए स्ट्राइक तक नहीं बदली। नॉन-स्ट्राइकर एंड पर मुरुगन अश्विन थे। इससे पहले बॉलिंग में भी पोलार्ड ने 4 ओवर में 46 रन लुटाए थे।
मुंबई की लगातार दूसरी हार
मौजूदा टूर्नामेंट में मुंबई इंडियंस के ये लगातार दूसरी हार है। इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स ने रोहित एंड कंपनी को 4 विकेट से हराया था। इस मैच में टारगेट का पीछा करते हुए पोलार्ड के अलावा कप्तान रोहित शर्मा भी कुछ खास रंग में नजर नहीं आए। हिटमैन 10 रन बनाकर पवेलियन लौटे थे। हालांकि, ईशान किशन (54) और युवा तिलक वर्मा (61) ने कमाल की पारियां खेली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 53 गेंदों में 81 रन जोड़े।
राजस्थान ने दिखाया दम
सैमसन की कप्तानी वाली RR की ये लगातार दूसरी जीत रही। टीम के लिए जोस बटलर (100) ने बेहतरीन शतकीय पारी खेली। IPL में ये उनका दूसरा और इस सीजन में किसी भी खिलाड़ी द्वारा लगाया गया पहला शतक रहा। उनके अलावा शिमरोन हेटमायर ने भी 14 गेंदों में 35 रन की तूफानी पारी खेलकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 3 चौके और 3 छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 250 का रहा।
ये भी पढ़ें
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.