IPL मेगा ऑक्शन के लिए 590 खिलाड़ियों की लिस्ट जारी कर दी गई है। स्किल सेट के लिहाज से टीमों की जरूरत पर नजर डालें तो इस लिस्ट में शामिल स्टार विकेटकीपर बल्लेबाजों की ऑक्शन में चांदी हो सकती है। कम से 6 टीमें ऐसी हैं जो टॉप ऑर्डर में बैटिंग कर सकने वाले विकेटकीपर की तलाश में हैं। चलिए जान लेते हैं कि ये टीमें कौन सी हैं और इनकी बोली किन खिलाड़ियों पर लग सकती है।
ऑक्शन से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (एमएस धोनी), लखनऊ सुपरजाइंट्स (केएल राहुल), राजस्थान रॉयल्स (संजू सैमसन और जोस बटलर) और दिल्ली कैपिटल्स (ऋषभ पंत) के पास क्वालिटी विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। यानी बाकी की 6 टीमें मुंबई इंडियंस, पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, सनराइजर्स हैदराबाद, अहमदाबाद और कोलकाता नाइटराइडर्स को ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने वाले विकेटकीपर की जरूरत है। जिन टीमों के पास एक स्टार विकेटकीपर है वह भी एक और विकल्प रखना चाहेगी। इस हाई डिमांड और लो सप्लाई के कारण कुछ विकेटकीपर्स पर 7 से 10 करोड़ रुपए तक की बोली लग सकती हैं। ऐसे ही तीन सितारों पर एक नजर...
1. ईशान किशन (भारत)
मुंबई इंडियंस ने इस बार रोहित शर्मा, कीरोन पोलार्ड, जसप्रीत बुमराह और सूर्यकुमार यादव को रिटेन किया है। चौथे स्थान के लिए सूर्यकुमार और ईशान किशन के बीच रेस थी, लेकिन आखिरकार बाजी सूर्यकुमार के पक्ष में गई। हालांकि, इससे ईशान किशन को नुकसान होने की बजाय फायदा हो सकता है। मुंबई ने उन्हें 2018 में 6.4 करोड़ रुपए में खरीदा था। अगर वे रिटेन होते तो उन्हें 6 करोड़ रुपए ही मिलते। अब ऑक्शन में उन पर 7 से 10 करोड़ रुपए तक की बोली लग सकती है। ईशान भारत के लिए खेल चुके हैं और पावर हिटिंग में सक्षम हैं। भारतीय होने के कारण डिमांड और भी ज्यादा।
ईशान किशन IPL में अब तक 61 मैच खेल चुके हैं। इनमें उन्होंने 136 की स्ट्राइक रेट से 1452 रन बनाए हैं। औसत 28 की है। किशन ने लीग में अब तक 74 छक्के जमाए हैं।
2. क्विंटन डिकॉक
मुंबई इंडियंस ने ईशान किशन के साथ-साथ क्विंटन डिकॉक को भी रिटेन नहीं करने का फैसला किया था। साउथ अफ्रीका का यह विकेटकीपिंग स्टार हाल-फिलहाल जोरदार फॉर्म में है। भारत के खिलाफ घरेलू वनडे मुकाबलों में वे प्लेयर ऑफ द सीरीज बने थे। डिकॉक को 2018 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 2.80 करोड़ रुपए में खरीदा था। बाद में उन्हें मुंबई इंडियंस को इसी रकम पर ट्रांसफर कर दिया गया। डिकॉक भी अगर चौथे प्लेयर के तौर पर रिटेन होते तो उन्हें 6 करोड़ रुपए ही मिलते। अब उन पर बड़ी बोली लगने की उम्मीद है। वे पूरे सीजन के लिए उपलब्ध होंगे।
डिकॉक ने IPL अब तक 77 मैचों में 130 की स्ट्राइक रेट से 2256 रन बनाए हैं। इनमें 1 शतक और 16 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में 83 चौके और 230 छक्के जमाए हैं।
3. जॉनी बेयरस्टो (इंग्लैंड)
इंग्लैंड के विस्फोटक विकेटकीपिंग बैट्समैन जॉन बेयरस्टो को सनराइजर्स ने रिटेन नहीं किया। अब टीम को उन जैसा खिलाड़ी हासिल करने में भारी रकम खर्च करनी पड़ सकती है। बेयरस्टो अभी पूरी दुनिया में सबसे खतरनाक ओपनर्स में से एक माने जाते हैं। उनपर कितनी बोली लगेगी यह इस बात पर निर्भर करेगा कि वे कितने मैचों के लिए उपलब्ध रहते हैं। अगर वे इंग्लैंड की ओर से खेलने के लिए कुछ IPL मैच मिस करेंगे तो बोली की रकम कम हो सकती है।
IPL में उन्होंने 28 मैचों में 41.52 की औसत से 1038 रन बनाए हैं। वे 1 सेंचुरी के साथ-साथ 7 हाफ सेंचुरी भी जमा चुके हैं।
इन नामों पर भी लग सकती है बड़ी बोली
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.