23 अक्टूबर को भारत-पाकिस्तान के बीच हुए रोमांचक मैच और भारत की जीत को क्रिकेट फैंस अब तक भूले नहीं हैं। स्टेडियम के अंदर और बाहर मौजूद फैंस सोशल मीडिया पर इस मैच और सेलिब्रेशन के नए-नए वीडियोज शेयर कर रहे हैं।
अब एक नया वीडियो सामने आया है। इसमें फैंस स्टेडियम के बाहर भारत और पाकिस्तान के फैंस पंजाबी गाने ‘इश्क तेरा तड़पावे’ पर थिरकते नजर आ रहे हैं। यह गाना पंजाबी सिंगर सुखबीर सिंह ने गाया है।
यह वीडियो सबसे पहले बॉलीवुड एक्टर गुलशन देवैया ने पोस्ट किया और कैप्शन लिखा- सुखबीर जिंदाबाद। गुलशन के इसी ट्वीट पर बॉलीवुड मेगास्टार अभिषेक बच्चन की नजर पड़ी। उन्होंने इसे रीट्वीट किया और लिखा- वेल सेड गुलशन देवैया। गुलशन के साथ उन्होंने सुखबीर सिंह को भी टैग किया।
फैंस भी नहीं रहे पीछे
अभिषेक के वीडियो शेयर करने के बाद फैंस ने भी इस पर कई मजेदार कमेंट किया। एक यूजर ने लिखा, ‘क्रिकेट विनर है, इसलिए ये खुशी का माहौल है।’
एक और यूजर ने इस गाने की पॉपुलैरिटी के बारे में लिखा- एक गाने ने उनकी (सुखबीर) जिंदगी बना दी। इस गाने के बिना कोई शादी पूरी नहीं हो सकती।
इस वीडियो में भारत-पाकिस्तान के फैंस अपने-अपने देशों के फ्लैग्स हाथ में लिए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के साथ कैप्शन भी अटैच है। ये है- यूनिटी एट MCG। भारत-पाकिस्तान मैच की लोकप्रियता इतनी है कि ट्विटर पर इस वीडियो को 2 लाख से भी ज्यादा बार देखा जा चुका है।
आनंद महिंद्रा भी शेयर कर चुके हैं वीडियो
23 अक्टूबर को भारत-पाकिस्तान मैच से पहले इंडस्ट्रियलिस्ट आनंद महिंद्रा ने भी एक वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो में भारतीय फैंस इंडियन जर्सी में शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ के गाने ‘लुंगी डांस’ पर नाचते दिखाई दे रहे थे। आनंद ने लिखा- लुंगी डांस डिवीजन और भांगड़ा बटालियन के जोश को देखते हुए लग रहा है कि भारत ने मैच से पहले फैन सपोर्ट का T20WC 2022 वर्ल्ड कप जीत लिया है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.