पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Sports
  • Cricket
  • Alyssa Healy Hardik Pandya Women's T20 World Cup Final | Alyssa Healy Broke The Record Of Hardik Pandya To Registers Fastest Fifty In History Of ICC Event Finals

एलिसा हीली आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में सबसे तेज हाफ सेंचुरी लगाने वाली क्रिकेटर, हार्दिक पंड्या को पीछे छोड़ा

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
  • महिला टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में हीली ने महज 30 गेंद पर अपने 50 रन पूरे किए
  • आईसीसी लिमिटेड ओवर टूर्नामेंट्स के किसी फाइनल (महिला या पुरुष) का यह सबसे तेज अर्धशतक

खेल डेस्क. ऑस्ट्रेलिया की ओपनर एलिसा हीली आईसीसी के किसी भी फाइनल में (पुरुष या महिला) सबसे तेज हाफ सेंचुरी बनाने वाली क्रिकेटर बन गईं। महिला टी-20 विश्वकप के फाइनल में उन्होंने भारत के खिलाफ सिर्फ 30 गेंद पर अर्धशतक लगाया। इसके पहले यह रिकॉर्ड भारत के हार्दिक पंड्या के नाम दर्ज था। उन्होंने 2017 के चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ 32 बॉल पर हाफ सेंचुरी बनाई थी। एलिसा ने कुल 39 गेंद पर 75 रन की पारी खेली।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खचाखच भरे मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) पर रविवार को महिला टी-20 विश्वकप का खिताबी मुकाबला खेला गया। मेजबान टीम ने भारत को 85 रन से हरा दिया।

मिशेल स्टार्क की पत्नी हैं एलिसा
एलिसा ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क की पत्नी हैं। स्टार्क दक्षिण अफ्रीका दौरा छोड़कर और करीब 10 हजार किलोमीटर का सफर तय करके शुक्रवार को ही मेलबर्न पहुंच गए थे। जाहिर है एलिसा की बैटिंग देखकर उन्हें फख्र महसूस हुआ होगा। हीली ने 30 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया। कुल मिलाकर उन्होंने 39 गेंद पर 75 रन की पारी खेली। इसी पारी के चलते ऑस्ट्रेलियाई टीम को मजबूत शुरुआत मिली। इस नींव पर उन्होंने बड़ा स्कोर खड़ा किया। 12वें ओवर में राधा यादव ने उनका विकेट लिया।

पंड्या अब दूसरे नंबर पर
खास बात ये है कि एलिसा ने भारतीय महिला टीम के खिलाफ भारत के ही हार्दिक पंडया का रिकॉर्ड तोड़ा। 2017 में हार्दिक ने चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ 32 बॉल पर 50 रन बनाए थे। एलिसा ने यह तूफानी पारी अपने होम ग्राउंड पर 80 हजार दर्शकों के सामने खेली। इन दर्शकों में उनके जीवनसाथी मिशेल स्टार्क भी थे। ऑस्ट्रेलियाई पुरुष टीम के कोच जस्टिन लैंगर ने मिशेल को खास तौर पर पत्नी एलिसा का मैच देखने की मंजूरी दी थी। हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज 3-0 से हार चुकी है। आखिरी वनडे शनिवार को खेला गया। मिशेल शुक्रवार को ही दक्षिण अफ्रीका से स्वदेश रवाना हो चुके थे।