दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज जुबेर हमजा 9 माह के लिए बैन हो गए हैं। उन पर दुनिया में क्रिकेट संचालित करने वाली संस्था इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने प्रतिबंध लगाया है। इस दौरान वे क्रिकेट से जुड़ी किसी गतिविधि में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। 26 साल के इस बल्लेबाज ने 17 जनवरी को सैम्पल दिए थे, जिनमें प्रतिबंधित पदार्थ फुरोसेमाइड के अंश पाए गए। यह वर्ल्ड एंटी डोपिंग एजेंसी (WADA) की प्रतिबंधित पदार्थों की सूची में शामिल हैं। उन्होंने खुद यह बात स्वीकर की है इसलिए उन पर 22 मार्च 2022 से प्रतिबंध लगाया गया है। जो 22 दिसंबर 2022 तक जारी रहेगा। ऐसे में हमजा को 17 जनवरी से 22 मार्च 2022 के बीच बनाए रन गंवाने पड़ेंगे। इस अवधि में हजमा ने दक्षिण अफ्रीका के लिए छह टेस्ट और एक वनडे खेला है। इनमें उन्होंने 31 रन (25 और छह) बनाए।
पहले ही वनडे मैच में जमाया था अर्धशतक
2019 में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले हमजा ने दक्षिण अफ्रीका के लिए 6 टेस्ट और एक वनडे खेला है। टेस्ट में उनके नाम 17.67 की औसत से 212 रन हैं। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ डेब्यू किया था। पिछले महीने न्यूजीलैंड में हमजा ने अपना आखिरी टेस्ट खेला था। उनकी सबसे बड़ी 62 रनों की पारी 2019 में भारत दौरे पर रांची में आई थी। पिछले साल नवंबर में नीदरलैंड्स के खिलाफ दाएं हाथ के बल्लेबाज ने एकमात्र वनडे मैच खेला था। जिसमें उनके बल्ले से 56 रनों की पारी निकली थी।
शेन वार्न, यूसुफ पठान, पृथ्वी शॉ भी हो चुके हैं बैन
इससे पहले, दिग्गज स्पिनर शेन वार्न, यूसुफ पठान, पृथ्वी शॉ, आंद्रे रसेल और एलेक्स हेल्स जैसे क्रिकेटर्स पर डोपिंग के कारण प्रतिबंध लग चुका है। वहीं, BCCI ने महिला क्रिकेटर अंशुला राव को प्रतिबंधित किया था। वे डोपिंग के कारण प्रतिबंध झेलने वाली पहली महिला क्रिकेट हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.