मध्य प्रदेश के रीवा के पेसर कुलदीप सेन अब न्यूजीलैंड की फास्ट पिचों पर गेंदबाजी करते नजर आएंगे। उन्हें सोमवार को न्यूजीलैंड दौरे पर जाने वाली टीम इंडिया में चुना गया है।
IPL की वजह से कुलदीप अनजाना चेहरा नहीं हैं। राजस्थान रॉयल्स के इस गेंदबाज ने रफ्तार से विकेट चटकाए। आखिरी ओवर में लखनऊ जॉयंट्स के खिलाफ 14 रन बचाकर पहचान हासिल की।
कुलदीप आज क्रिकेट स्टार हैं, लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने का सफर आसान नहीं था। कभी उधार के जूतों से प्रैक्टिस करते थे। पिता सैलून चलाते हैं। भास्कर ने टीम इंडिया में सिलेक्शन के बाद कुलदीप के कोच और पिता से बात की। पूरी बातचीत पढ़ने से पहले आप इस पोल में हिस्सा ले सकते हैं...
सिलेक्शन पर क्या बोले पिता और कोच
पिता रामपाल ने कहा- 'बढ़िया है कि बेटा टीम इंडिया में चुन लिया गया।'
कोच एरिल एंथोनी ने कहा- 'बोर्ड ने उनके प्रदर्शन पर भरोसा किया है, उम्मीद करता हूं कि उसे कैप भी मिले और वह बेहतर प्रदर्शन करे।'
अब कुलदीप के संघर्ष की कहानी
साथी गेंदबाज ने दिए जूते: कोच एंथोनी ने कहा- 'कुलदीप ने बहुत संघर्ष किया है। एक समय उसके पास प्रैक्टिस के लिए जूते तक नहीं होते थे। मुझे अच्छे से याद है कि 2014 के न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम इंडिया में चुने गए ईश्वर पांडेय ने उसे पहली बार अपने स्पाइक्स दिए थे, जिनसे कुलदीप अभ्यास करता था। वह गरीब घर से था।'
कोच ने फ्री कोचिंग दी: एंथोनी ने बताया कि खेल के प्रति कुलदीप की लगन और मेहनत को देखते हुए उन्होंने तय किया था कि कभी उससे एक चवन्नी नहीं लूंगा। कोचिंग फ्री में दी। कुलदीप को झारखंड से रणजी खेलने वाले आनंद सिंह का भी भरपूर सहयोग मिला।
न्यूजीलैंड दौरे के लिए कुलदीप तैयार
केन विलियम्सन जैसे बल्लेबाजों की चुनौती पर एंथोनी ने कहा, 'उसकी चिंता नहीं है, क्योंकि कुलदीप ने IPL में दुनिया के दिग्गज बल्लेबाजों को गेंदबाजी की है। इतना ही नहीं, मलिंगा ने उसे कोचिंग दी है। ऐसे में वह वहां के लिए पूरी तरह तैयार है।
कुलदीप ने इस मौके के लिए बहुत मेहनत की है। उसे उस मेहनत का फल भी मिलेगा, क्योंकि न्यूजीलैंड में पिच फास्ट होती हैं, जो कुलदीप के लिए मददगार साबित होंगी। कुलदीप नॉर्मल पिच पर 140-145 की स्पीड से गेंद फेंकता है। ऐसे में न्यूजीलैंड में तो उसकी स्पीड अलग ही होगी।'
रीवा के ही इंटरनेशनल खिलाड़ी ईश्वर पांडेय से समानता पर कहा- मौका मिलने की उम्मीद
एंथोनी ने ईश्वर पांडेय के चयन से समानता के सवाल पर कहा- उम्मीद करता हूं कि कुलदीप को डेब्यू का मौका मिल जाए। ईश्वर पांडेय में भी काबिलियत थी। उसकी सराहना कपिल देव और सुनील गावस्कर जैसे बल्लेबाज करते थे। अगर उसे मौका मिलता तो उसका करियर कुछ और होता।
2014-15 में रीवा के तेज गेंदबाज ईश्वर पांडेय भी न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में चुने गए थे, लेकिन उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला था। वे फिर टीम में भी नहीं चुने गए।
न्यूजीलैंड-बांग्लादेश दौरों के लिए टीम इंडिया का ऐलान:NZ नहीं जाएंगे रोहित और विराट; बांग्लादेश ODIs में यश दयाल नया चेहरा
न्यूजीलैंड और उसके बाद बांग्लादेश दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। न्यूजीलैंड टूर टी-20 वर्ल्ड कप के बाद 18 नवंबर से शुरू होगा। इसमें 3 वनडे और इतने ही टी-20 खेले जाएंगे। इसके बाद टीम इंडिया बांग्लादेश जाएगी। वहां तीन वनडे और दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.