खेल डेस्क. न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ दो टेस्ट की सीरीज के आखिरी मैच के पहले दिन बगैर विकेट गंवाए 63 रन बना लिए हैं। क्राइस्टचर्च में शनिवार से खेले जा रहे टेस्ट में टॉस हारकर भारतीय टीम पहली पारी में 242 रन पर सिमट गई। इस लिहाज से न्यूजीलैंड अब भी भारत से 179 रन पीछे है। कीवी टीम के ओपनर टॉम लाथम (27) और टॉम ब्लेंडल (29) नाबाद हैं।
भारतीय पारी में 5 बल्लेबाज कप्तान विराट कोहली (3) मयंक अग्रवाल (7), अजिंक्य रहाणे (7), रविंद्र जडेजा (9) और उमेश यादव (0) दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। जबकि पृथ्वी शॉ ने 54, हनुमा विहारी 55 और पुजारा ने 54 रन की पारी खेली। वहीं, न्यूजीलैंड के लिए अपना दूसरा मैच खेल रहे काइल जैमिसन ने टेस्ट करियर में पहली बार 5 विकेट लिए। जबकि टिम साउदी और ट्रेंट बोल्ट को 2-2 विकेट मिले। अन्य एक सफलता नील वैगनर ने हासिल की।
यह 3 खिलाड़ी अर्धशतकीय पारी को शतक में बदलने से चूके
अच्छी शुरुआत के बावजूद पृथ्वी शॉ, पुजारा और विहारी अपनी अर्धशतकीय पारी को शतक में नहीं बदल सके। पुजारा टेस्ट करियर का 25वां अर्धशतक लगाकर जैमिसन की गेंद पर बीजे वाटलिंग के हाथों कैच आउट हुए। विहारी चौथा अर्धशतक लगाकर नील वैगनर की गेंद पर आउट हुए। विकेटकीपर बीजे वाटलिंग ने उनका कैच लिया। वहीं, पृथ्वी शॉ टेस्ट करियर का दूसरा अर्धशतक लगाकर पवेलियन लौटे। जैमिसन की गेंद पर उनका कैच लाथम ने लिया। पृथ्वी शॉ ने पुजारा के साथ दूसरे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी की।
इनके अलावा ऋषभ पंत 12 बनाकर जैमिसन की गेंद पर बोल्ड हुए। वहीं, आखिरी विकेट के तौर पर मोहम्मद शमी 16 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें ट्रेंट बोल्ट ने बोल्ड किया। शमी ने 10वें विकेट के लिए जसप्रीत बुमराह (10) के साथ 26 रन की साझेदारी की।
कोहली ने पिछली 10 पारियों में 204 रन ही बनाए
कोहली का न्यूजीलैंड दौरे पर खराब फॉर्म जारी है। वे 3 रन पर पवेलियन लौट गए। टिम साउदी ने उन्हें एलबीडब्ल्यू किया। पिछली 21 पारियों (टेस्ट, वनडे और टी-20) में शतक नहीं लगा पाए हैं। साथ ही तीनों फॉर्मेट की पिछली 10 पारियों में वे सिर्फ 204 रन ही बना सके। कोहली ने पिछली 3 टेस्ट पारियों में सिर्फ 24 रन ही बनाए। जबकि 7 वनडे और टी-20 में 180 रन ही बना सके, जिसमें केवल एक अर्धशतक शामिल है।
कीवी टीम सीरीज में 1-0 से आगे
न्यूजीलैंड सीरीज में 1-0 से आगे है। वेलिंगटन टेस्ट में भारत को 10 विकेट से करारी हार मिली थी। टीम इंडिया न्यूजीलैंड की जमीन पर 50 साल में सिर्फ दो ही टेस्ट जीत सकी है। पिछली बार मार्च 2009 में भारत ने कीवी टीम को हैमिल्टन टेस्ट में 10 विकेट से हराया था। मैच में सचिन तेंदुलकर ने 160 रन की पारी खेली थी। भारत एक अन्य मैच में जनवरी 1976 में ऑकलैंड में 8 विकेट से जीता था।
चोटिल ईशांत टीम से बाहर
इस टेस्ट के लिए भारतीय टीम में दो बदलाव किए गए हैं। चोटिल ईशांत शर्मा की जगह उमेश यादव को मौका दिया गया। रविचंद्रन अश्विन को बाहर कर ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को टीम में शामिल किया गया। वहीं, कीवी टीम में एजाज पटेल की जगह नील वैगनेर को मौका दिया गया।
पुरानी चोट उबरी
पहले टेस्ट में 5 विकेट लेने वाले ईशांत को जनवरी में रणजी ट्रॉफी मैच के दौरान एढ़ी में चोट लगी थी। 4 हफ्ते के आराम के बाद उनका फिटनेस टेस्ट हुआ। इसमें पास होने के बाद वे पहले टेस्ट में खेले। लेकिन, शर्मा की यही पुरानी चोट फिर उबर आई। इस प्रकार की चोट को ठीक होने में 6 हफ्ते लगते हैं, लेकिन एनसीए में ट्रेनिंग के 4 हफ्ते बाद ही वे मैदान पर लौट आए थे। कोहली की दिक्कत ये है कि जसप्रीत बुमराह ने भी चोट के बाद वापसी की है। उनके साथ मोहम्मद शमी भी लय में नहीं हैं। ईशांत आशा की किरण दिखे, लेकिन अब वे भी अनफिट हैं।
स्कोरकार्ड: भारत पहली पारी
खिलाड़ी | रन | गेंद | 4s | 6s |
पृथ्वी शॉ कै. लाथम बो. जैमिसन | 54 | 64 | 8 | 1 |
मयंक अग्रवाल एलबीडब्ल्यू बो. बोल्ट | 7 | 11 | 1 | 0 |
चेतेश्वर पुजारा कै. वाटलिंग बो. जैमिसन | 54 | 140 | 6 | 0 |
विराट कोहली एलबीडब्ल्यू बो. साउदी | 3 | 15 | 0 | 0 |
अजिंक्य रहाणे कै. टेलर बो. साउदी | 7 | 27 | 1 | 0 |
हनुमा विहारी कै. वाटलिंग बो. वैगनर | 55 | 70 | 10 | 0 |
ऋषभ पंत बोल्ड बो. जैमिसन | 12 | 14 | 2 | 0 |
रविंद्र जडेजा कै. बोल्ट बो. जैमिसन | 9 | 10 | 2 | 0 |
उमेश यादव कै. वाटलिंग बो. जैमिसन | 0 | 4 | 0 | 0 |
मोहम्मद शमी बोल्ड बो. बोल्ट | 16 | 12 | 1 | 2 |
जसप्रीत बुमराह नाबाद | 10 | 11 | 1 | 0 |
रन: 242 ऑलआउट, ओवर: 63, एक्स्ट्रा: 15.
विकेट पतन: 30/1, 80/2, 85/3, 113/4, 194/5, 197/6, 207/7, 207/8, 216/9, 242/10.
गेंदबाजी: टिम साउदी: 13-5-38-2, ट्रेंट बोल्ट: 17-2-89-2, कॉलिन डी ग्रैंडहोम: 9-2-31-0, काइल जैमिसन: 14-3-45-5, नील वैगनर: 10-2-29-1.
स्कोरकार्ड: न्यूजीलैंड पहली पारी
बल्लेबाज | रन | गेंद | 4s | 6s |
टॉम लाथम नाबाद | 27 | 65 | 4 | 0 |
टॉम ब्लेंडल नाबाद | 29 | 73 | 4 | 0 |
रन: 63/0, ओवर: 23, एक्स्ट्रा: 7.
गेंदबाजी: जसप्रीत बुमराह: 7-1-19-0, उमेश यादव: 8-1-20-0, मोहम्मद शमी: 7-1-17-0, रविंद्र जडेजा: 1-1-0-0.
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.