पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
खेल डेस्क. भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 3 वनडे की सीरीज का पहला मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया है। धर्मशाला मैच में टॉस भी नहीं हो सका। मैच को 20-20 ओवर का कराने के लिए भी समय सीमा शाम 6.30 बजे तय की गई थी, लेकिन बारिश नहीं रुकने के कारण मैच रद्द करने का फैसला किया। खराब मौसम और कोरोनावायरस के कारण मैच के सिर्फ 40 प्रतिशत टिकट्स ही बिक सके थे। सीरीज का अगला मैच 15 मार्च को लखनऊ में होगा।
दक्षिण अफ्रीका की टीम नए कप्तान क्विंटन डीकॉक और कोच मार्क बाउचर के साथ 4 साल बाद वनडे सीरीज के लिए भारत आई है। इससे पहले, अक्टूबर 2015 में अफ्रीकी टीम ने भारत को अपने घर में 3-2 से हराया था। कोरोनावायरस के चलते दोनों टीमों के बोर्ड ने अपने-अपने खिलाड़ियों को सीरीज के दौरान फैन्स से हाथ मिलाने, मिलने-जुलने और सेल्फी लेने से संबंधित कुछ सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
यात्रा प्रतिबंध का बहुत बड़ा असर
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) ने कहा था, ‘‘मैच पर कोरोनावायरस के कारण लगे यात्रा प्रतिबंधों का बहुत असर पड़ा है। हमें मैच में करीब 1000 से ज्यादा विदेशी प्रशंसकों के आने की उम्मीद थी। इस सीरीज के लिए द.अफ्रीका से कोई पत्रकार तक नहीं आया है। कोरोना के संक्रमण के प्रति जागरूकता के लिए एचपीसीए ने स्टेडियम के अंदर और बाहर होर्डिंग्स लगाए।’’

हेड-टू-हेड
भारत और द.अफ्रीका के बीच अब तक 85 वनडे खेले गए हैं। इसमें भारत ने 35 तो मेहमान टीम ने 46 जीते हैं, जबकि 3 मैच टाई और एक रद्द हुआ। इस लिहाज से भारत का दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सक्सेस रेट करीब 42% है। भारत में यह दोनों टीमें 52 बार भिड़ी हैं। इसमें भारत ने 27 मैच जीते, जबकि 21 में उसे हार झेलनी पड़ी। एक मैच रद्द हुआ। घर में भारत का सक्सेस रेट 53% रहा है।
दोनों टीमें
भारत: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, मनीष पांडे, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, पृथ्वी शॉ, शुभमन गिल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, रविंद्र जडेजा, नवदीप सैनी, भुवनेश्वर कुमार, हार्दिक पंड्या।
दक्षिण अफ्रीका: क्विंटन डीकॉक (कप्तान/विकेटकीपर), तेम्बा बवुमा, फाफ डू प्लेसिस, बेयूरन हेंड्रिक्स, हेनरिक क्लासेन, जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, जानेमन मलान, डेविड मिलर, लुंगी नगीडी, एनरिक, एंडिल फेहलुकवायो, लूथो सिपाम्ला, जेजे स्मट्स, रसी वान डर डूसेन, काइली वेरेने।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.