खेल डेस्क. आईपीएल 2020 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी में ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पैट कमिंस को कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम ने 15.5 करोड़ रु में खरीदा, जबकि उनकी बेस प्राइज 2 करोड़ रु थी। इसके साथ ही वे इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे महंगे बिके विदेशी खिलाड़ी बन गए। इससे पहले ये रिकॉर्ड इंग्लिश क्रिकेटर बेन स्टोक्स के नाम पर था। जिन्हें साल 2017 में पुणे की टीम ने 14.5 करोड़ में खरीदा था। हालांकि टूर्नामेंट में ओवरऑल सबसे महंगे बिके खिलाड़ी का रिकॉर्ड युवराज सिंह के नाम पर है, जिन्हें साल 2015 में दिल्ली ने 16 करोड़ रु में खरीदा था।
कमिंस ने अपने आईपीएल करियर में अबतक तीन सीजन खेले हैं। उनका आईपीएल डेब्यू साल 2014 में कोलकाता की टीम से ही हुआ था। उस वक्त केकेआर ने उन्हें 1 करोड़ रुपए में खरीदा था। इसके बाद साल 2017 में उन्हें दिल्ली डेयरडेविल्स ने 4.5 करोड़ रु में खरीद लिया। एकसाल बाद फिर उनकी टीम बदल गई, इस बार मुंबई इंडियन्स ने उन्हें 5.4 करोड़ रु में खरीदा।
कमिंस का आईपीएल करियर
कमिंस ने इस टूर्नामेंट में कुल 16 मैचों में 17 विकेट लिए हैं। शुरुआती दो सीजन (2014 और 2015) में केकेआर की ओर से उन्हें सिर्फ चार मैच ही खेलने का मौका ही मिला। जिसमें वे दो विकेट ही ले सके। इसके बाद साल 2017 में दिल्ली की ओर से उन्होंने 12 मैचों में 15 विकेट लिए। 2018 में उन्हें मुंबई इंडियन्स ने खरीद लिया, लेकिन चोट के चलते टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही वे बाहर हो गए।
आईपीएल इतिहास के 5 सबसे महंगे क्रिकेटर
1. युवराज सिंह (साल- 2015)
कीमत- 16 करोड़ रुपए
टीम- दिल्ली डेयरडेविल्स
2. पैट कमिंस (साल 2020)
कीमत- 15.5 करोड़ रु
टीम- कोलकाता नाइटराइडर्स
3. बेन स्टोक्स (साल 2017)
कीमत- 14.5 करोड़ रुपए
टीम- राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स
4. युवराज सिंह (साल 2014)
कीमत- 14 करोड़ रुपए
टीम- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
5. दिनेश कार्तिक (साल 2014)
कीमत- 12.5 करोड़ रुपए
टीम- दिल्ली डेयरडेविल्स
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.