किसी भी टीम के लिए उसका कप्तान बहुत अहम होता है। टीम तभी अच्छा प्रदर्शन करती है, जब उसकी टीम का कप्तान परफेक्ट हो। क्रिकेट के इतिहास में आज तक ये देखा गया है कि बेहतर कप्तान ही एक शानदार टीम का निर्माण करता है। क्रिकेट की सबसे बड़ी लीग IPL में भी पहले सीजन से ही ये देखने को मिला है कि अगर टीम का कप्तान अच्छा है तो टीम बेहतर प्रदर्शन करती है।
शेन वॉर्न से लेकर महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा तक, सभी कप्तानों ने लीग में अपनी टीमों की सफलता में प्रमुख भूमिका निभाई है। अब 12 और 13 फरवरी को IPL के 15वें सीजन के लिए मेगा ऑक्शन होने वाला है। इस सीजन के लिए 7 टीमों के कप्तान तकरीबन तय हैं। तीन टीमों को नए कप्तान तलाशने हैं। आइए IPL के इस सीजन में टीमों के कप्तानों के बारे में सब कुछ बताते हैं।
1. मुंबई इंडियंस (कप्तान- रोहित शर्मा)
IPL इतिहास की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस रही है। टीम अभी तक रिकॉर्ड 5 बार IPL ट्रॉफी जीतकर अपने नाम कर चुकी है। पांचों खिताब टीम ने रोहित शर्मा की लीडरशिप में जीते हैं। इस बार भी टीम की कमान हिटमैन के पास ही रहेगी। रोहित शर्मा को मुंबई ने 16 करोड़ में रिटेन किया है। शर्मा के अलावा जसप्रीत बुमराह (12 करोड़), कीरोन पोलार्ड (6 करोड़) और सूर्यकुमार यादव (8 करोड़) को भी टीम ने रिटेन किया है।
हिटमैन को IPL 2013 में सीजन के बीच में ही रिकी पोंटिग की जगह मुंबई इंडियंस का कप्तान बनाया गया था। इसके बाद से उन्होंने 9 सीजन में टीम की कमान संभालते हुए 5 बार मुंबई को चैंपियन बनाया है। रोहित शर्मा को एक बेहतरीन कप्तान के रूप में देखा जाता है और इस बार IPL 2022 में उनकी नजरें छठे IPL टाइटल को जीतने पर होंगी। हिटमैन की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 129 मैच खेले हैं और 75 जीते हैं। 50 में टीम को हार का सामना करना पड़ा है।
मुंबई ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में IPL जीता है। इस बार मेगा ऑक्शन के लिए टीम के पास 48 करोड़ बचे हैं। पिछले सीजन में टीम का प्रदर्शन कुछ अच्छा नहीं रहा था। ऐसे में 2022 सीजन में मुंबई इंडियंस एक बार फिर नई टीम के साथ शानदार वापसी करना चाहेगी।
2. चेन्नई सुपर किंग्स (कप्तान- महेंद्र सिंह धोनी)
पिछले साल की चैंपियन और चार बार IPL का खिताब अपने नाम कर चुकी चेन्नई सुपर किंग्स भी आगामी सीजन के लिए तैयार है। इस बार भी टीम की कमान महेंद्र सिंह धोनी संभालते नजर आएंगे। धोनी को टीम 12 करोड़ में रिटेन किया है। कैप्टन के अलावा फ्रेंचाइजी ने रवींद्र जडेजा (16 करोड़), मोइन अली (8 करोड़) और ऋतुराज गायकवाड (6 करोड़) को भी टीम में बरकरार रखा है।
धोनी की लीडरशिप में CSK न सिर्फ IPL की बल्कि दुनियाभर के सबसे सफल टी-20 टीम रही है। टीम ने 2010 और 2011 में लगातार दो बार IPL जीतने का रिकॉर्ड बनाया। हालांकि, टीम के ऊपर 2015 में फिक्सिंग का कलंक लगा और टीम को दो साल (2016-2017) के लिए बैन तक कर दिया गया। टीम ने फिक्सिंग के साए से उबरकर वापसी की और 2018 में तीसरा IPL का खिताब जीता। 2021 में टीम चार बार IPL जीतने वाली केवल दूसरी टीम बनी।
इस बार भी टीम की कप्तानी धोनी के हाथों में होगी और टीम की नजरें 5वें टाइटल पर रहेंगी। देखने बड़ा ही दिलचस्प होगा कि मेगा ऑक्शन में टीम किन खिलाड़ियों को अप्रोच करती है। धोनी की कप्तानी में CSK ने 213 मैच खेले हैं और 130 में जीत दर्ज की है। 81 में टीम को हार का सामना करना पड़ा।
3. कोलकाता नाइट राइडर्स (कप्तान- तय नहीं)
किंग खान शाहरुख खान की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स IPL की सबसे ग्लैमरस टीमों में से एक है। टीम अभी तक दो बार 2012 और 2014 में IPL की ट्रॉफी जीत चुकी है। इस बार कोलकाता ने आंद्रे रसेल (12 करोड़), वरुण चक्रवर्ती (8 करोड़), वेंकटेश अय्यर (8 करोड़) और सुनील नरेन (6 करोड़) को रिटेन किया है।
हालांकि, टीम ने अपने कप्तान इयोन मोर्गन को रिटेन नहीं किया है। ऐसे में इस बार टीम का कप्तान कौन होगा, ये तय नहीं है। हो सकता है मेगा ऑक्शन में टीम किसी अन्य खिलाड़ी को खरीदकर कैप्टन बना दिया जाए। खैर, सीजन 2022 के लिए KKR का कप्तान भले ही तय न हो, लेकिन फ्रेंचाइजी नीलामी के लिए पूरी तरह से तैयार है।
2014 के बाद IPL में कोलकाता का प्रदर्शन कुछ खास प्रभावशाली नहीं रहा। हालांकि, पिछले सीजन में इस टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया था, लेकिन टीम उतनी प्रभावशाली नहीं लगी थी। इस बार टीम की निगाहें तीसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाने पर लगी है, तो ऑक्शन में जरूर बढ़िया टीम बनाकर अपनी दावेदारी को काफी मजबूती से पेश करनी होगी।
4. राजस्थान रॉयल्स (कप्तान- संजू सैमसन)
IPL इतिहास की पहली चैंपियन टीम राजस्थान रॉयल्स इस बार नए तेवर के साथ नजर आएगी। हालांकि, 2008 में चैंपियन बनने के बाद टीम एक बार भी न तो खिताब जीत सकी और न ही टीम को फाइनल खेलना नसीब हुआ है। आगामी सीजन के लिए टीम ने 3 खिलाड़ियों, संजू सैमसन (14 करोड़), जोस बटलर (10 करोड़) और यशस्वी जयसवाल (4 करोड़) को रिटेन किया है।
पिछले साल टीम ने सैमसन को अपना कप्तान बनाया था और IPL 2022 में भी टीम की कप्तानी संजू के पास ही रहेगी। पिछले सीजन में राजस्थान की टीम पॉइंट्स टेबल में 7वें पायदान पर रही थी। RR की सबसे बड़ी कमजोरी भारतीय खिलाड़ियों का कंसिस्टेंट परफॉर्म नहीं करना रहा है।
2018 में टीम ने आखिरी बार प्लेऑफ मुकाबला खेला था। इस बार टीम को अगर अपनी दूसरी ट्रॉफी पर कब्जा जमाना है, तो उसके लिए मेगा ऑक्शन में एक बढ़िया टीम बनानी होगी। साथ ही संजू सैमसन की कप्तानी पर भी सबकी नजरें बनी रहेगी। सैमसन ने अभी तक 14 मैचों की कप्तानी की है, जिनमें टीम ने 5 मैच जीते और 9 में हार का सामना करना पड़ा है।
5. सनराइजर्स हैदराबाद (कप्तान- केन विलियमसन)
IPL 2022 के लिए ऑरेंज आर्मी सनराइजर्स हैदराबाद भी तैयार है। टीम ने मेगा ऑक्शन के पहले 3 खिलाड़ियों केन विलियमसन (14 करोड़), अब्दुल समद (4 करोड़) और उमरान मलिक (4 करोड़) को रिटेन किया है। टीम की कप्तानी इस बार भी कीवी दिग्गज विलियमसन के पास ही रहेगी।
टीम ने सभी को हैरान करते हुए डेविड वार्नर, राशिद खान, मनीष पांड़े और भुवनेश्वर कुमार जैसे खिलाड़ियों को रिलीज किया। हैदराबाद केवल एक बार 2016 में टूर्नामेंट जीतने में सफल रही है और इस बार दो अनकैप्ड खिलाड़ियों को रिटेन करने के साथ ही टीम ने इशारा कर दिया है कि फ्रेंचाइजी की नजरें इस बार युवा जोश पर है।
IPL 2021 टीम के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा था। 14 में से टीम केवल 3 ही मैच जीत सकी और 11 में हार का सामना करना पड़ा। केन विलियमसन की कप्तानी में टीम ने 33 मैच खेले हैं। इस दौरान 16 मैच जीते और इतने में ही उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।
6. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (कप्तान- तय नहीं)
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) भी IPL की सबसे चर्चित टीमों में से एक है। मेगा ऑक्शन से पहले टीम ने 3 खिलाड़ियों को रिटेन किया है। इनमें विराट कोहली (15 करोड़), ग्लेन मैक्सवेल (11 करोड़) और मोहम्मद सिराज (7 करोड़) के नाम शामिल हैं। हालांकि, टीम का कैप्टन कौन होगा ये तय नहीं है।
विराट कोहली ने पिछले साल IPL का फेज-2 शुरू होने से पहले ही RCB की कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया था। माना जा रहा है कि टीम मैक्सवेल को कैप्टन बना सकती है, लेकिन अभी तय कुछ भी नहीं है। बेंगलुरु उन चुनिंदा टीमों में से एक है, जो 2008 से IPL का हिस्सा हैं, लेकिन आज तक टूर्नामेंट नहीं जीत सकी हैं।
पिछले साल IPL 2021 में टीम ने प्लेऑफ तक का सफर तय किया था। इससे पहले 2020 में भी टीम अंतिम चार तक गई थी, लेकिन फाइनल का टिकट नहीं कटा सकी। अब तक 3 IPL फाइनल हार चुकी बेंगलुरु इस बार जरूर टूर्नामेंट जीतने के सपने को पूरा करना चाहेगी।
7. दिल्ली कैपिटल्स (कप्तान- ऋषभ पंत)
दिल्ली कैपिटल्स पिछले कुछ सालों में IPL की सबसे कामयाब टीमों में से एक रही है। हालांकि, अभी तक दिल्ली की टीम ने एक बार भी ट्रॉफी अपने नाम नहीं की है, लेकिन टीम ने अपने प्रदर्शन से सभी को खासा प्रभावित किया है। पिछले सीजन में टीम को प्लेऑफ तक लेकर जाने वाले ऋषभ पंत इस बार भी कप्तानी करते नजर आएंगे।
दिल्ली ने मेगा ऑक्शन से पहले 4 खिलाड़ियों को टीम में बरकरार रखा है। इनमें कप्तान ऋषभ पंत (16 करोड़), अक्षर पटेल (9 करोड़), पृथ्वी शॉ (7.5 करोड़) और एनरिक नोर्त्या (6.5 करोड़) के नाम शामिल है। IPL 2019 के बाद दिल्ली की टीम लगातार अंतिम चार में जगह बनाने में कामयाब रही है और आगामी सीजन के लिए भी टीम पहले से सभी की फेवरेट है।
ऋषभ पंत ने दिल्ली के लिए 16 मैचों में कप्तानी की और 9 मुकाबले जीते हैं। इनमें से 6 में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। ऑक्शन के लिए टीम के पास 47.50 करोड़ रुपए बचे हुए हैं। टीम जरूर एक बढ़िया टीम का निर्माण करना चाहेगी।
8. पंजाब किंग्स (कप्तान- तय नहीं)
पंजाब किंग्स ने इस बार मेगा ऑक्शन से पहले केवल दो खिलाड़ियों ओपनर मयंक अग्रवाल (12 करोड़) और अनकैप्ड तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (4 करोड़) को रिटेन किया है। मेगा ऑक्शन में किसी टीम के पास अगर सबसे ज्यादा पैसे हैं, तो वह पंजाब किंग्स की टीम है। टीम के पर्स में 72 करोड़ रुपए शेष है। इसका मतलब साफ है कि टीम नीलामी में जमकर खरीददारी करने वाली है।
टीम ने मयंक अग्रवाल को रिटेन जरूर किया है, लेकिन अभी ये तय नहीं है कि वही IPL 2022 के लिए टीम के कप्तान होंगे या किसी और खिलाड़ी पर फ्रेंचाइजी दांव खेलेगी। माना जा रहा है कि टीम ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वार्नर पर भी बतौर कप्तान दांव लगा सकती है। पंजाब किंग्स ने अभी तक IPL नहीं जीता है। 2014 एकमात्र ऐसा सीजन था, जब टीम फाइनल खेलने में सफल रही थी।
9. लखनऊ सुपर जायंट्स (कप्तान- केएल राहुल)
इस बार IPL से 2 नई टीमें जुड़ी हैं, उनमें से एक टीम है लखनऊ सुपर जायंट्स। लखनऊ ने मेगा ऑक्शन से पहले 3 खिलाड़ियों को खरीदा है। इनमें केएल राहुल (17 करोड़), ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस (9.2 करोड़) और अनकैप्ड भारतीय स्पिनर रवि बिश्नोई (4 करोड़) के ना्म शामिल हैं।
राहुल को टीम ने अपना कप्तान भी बनाया है। इससे पहले राहुल पंजाब किंग्स के कप्तान थे। बतौर कप्तान उन्होंने दो सीजन पंजाब की कमान संभाली और दोनों बार टीम छठे पायदान पर रही। केएल ने 27 मैचों मे कप्तानी की और 14 में हार का सामना करना पड़ा।
लखनऊ की टीम पहली बार IPL में मैदान पर नजर आएगी और टीम को केएल राहुल से दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। ऑक्शन में टीम जरूर बड़े नामों को अपने साथ जोड़ना चाहेगी।
10. टीम अहमदाबाद (कप्तान- हार्दिक पंड्या)
दूसरी नई टीम अहमदाबाद की है। हालांकि, टीम ने अभी तक अपने नाम का ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं किया है। टीम ने मेगा ऑक्शन से पहले 3 खिलाड़ियों को खरीदा है। इनमें हार्दिक पंड्या (15 करोड़), अफगानिस्तान स्पिनर राशिद खान (15 करोड़) और ओपनर शुभमन गिल (8 करोड़) के नाम शामिल हैं। टीम ने स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को कैप्टन बनाया है, जो पहली बार IPL में बतौर कप्तान नजर आएंगे।
पंड्या को मुंबई इंडियंस ने रिटेन नहीं किया है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि पंड्या गुजरात के हैं और स्थानीय फैंस के बीच उनकी लोकप्रियता को भुनाने के लिए फ्रेंचाइजी ने उन्हें कप्तान बनाया है। फ्रेंचाइजी को उम्मीद है कि पंड्या अगर बॉलिंग नहीं भी करते हैं तो भी टीम के लिए फायदे का सौदा साबित होंगे।
शुभमन गिल की बात करें तो अहदमबाद IPL में उनकी दूसरी टीम होगी। 2018 के बाद से ही शुभमन कोलकाता से खेल रहे थे। तब कोलकाता ने उन्हें 1.8 करोड़ में खरीदा था। वहीं, राशिद को सनराइजर्स हैदराबाद ने 2017 में 4 करोड़ रुपए में खरीदा था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.