पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Sports
  • Cricket
  • Women's T20 World Cup Final IND Vs AUS | Life Stories Of Indian Women Cricketers Smriti Mandhana Jemima Rodirgus Radha Yadav Taniya Bhatiya And Harleen Kaur.

देश की 5 महिला क्रिकेटरों की कहानी: 9 साल की उम्र में अंडर 15 खेलीं स्मृति, राधा ने झुग्गी से तय किया टीम इंडिया का सफर

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
  • हरलीन देओल ने 8 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया, अगले ही साल नेशनल स्कूल टीम में सिलेक्ट हो गईं
  • तान्या भाटिया ने योगराज (युवराज सिंह के पिता) और आरपी सिंह से ट्रेनिंग ली, 11 की उम्र में अंडर 19 के बॉलर्स का सामना किया

खेल डेस्क. ऑस्ट्रेलिया ने पांचवी बार महिला टी-20 वर्ल्डकप जीत लिया है। रविवार को उन्होंने टीम इंडिया को लगभग एक तरफा मुकाबले में 85 रन से हरा दिया। टीम इंडिया फाइनल के पहले अपराजेय रही थी। सेमीफाइनल इंग्लैंड के खिलाफ था। ये बारिश के कारण रद्द हो गया था। यहां हम इस टीम की पांच खिलाड़ियों की जिंदगी से जुड़ी पांच कहानियां बता रहे हैं। इनसे पता लगता है कि टीम इंडिया का सफर तय करने के लिए ये प्लेयर्स और उनके परिवार मुश्किलों के बावजूद कितने समर्पित रहे। 

स्मृति मंधाना
24 साल की स्मृति का जन्म मुंबई में हुआ। कुछ साल बाद फैमिली सांगली शिफ्ट हो गई। उनके भाई श्रवण के मुताबिक, “स्मृति ने 6 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया और मैं उनके साथ ही मैदान पर जाता था। वे इतनी प्रतिभाशाली है कि 9 साल की उम्र में महाराष्ट्र अंडर 15 में सिलेक्ट हो गईं। जब 11 साल की हुईं तो अंडर 19 खेल रहीं थी। इसके बाद पलटकर नहीं देखा।” मंधाना मराठी हैं, लेकिन उन्हें पंजाबी संगीत पसंद है। पुरानी हिंदी फिल्में की वे दीवानी हैं। जींस और टी-शर्ट फेवरेट ड्रेस कॉम्बिनेशन है, लेकिन आईने के सामने खड़ा होना नापसंद है। स्मृति कॉमर्स ग्रेजुएट हैं। 

राधा यादव
राधा प्रकाश यादव। प्रकाश पिता का नाम है। जैसा नाम, वैसा काम। पिता ने तमाम मुश्किलों के बावजूद बेटी का सपना साकार किया। खुद घर-घर जाकर दूध बेचते और बाकी वक्त झुग्गी में एक छोटी से किराना दुकान चलाते। बेटी गली में लड़कों के साथ क्रिकेट खेलती तो कुछ लोग पिता पर तंज कसते। भाई राहुल बताते हैं, “पड़ोस में एक क्रिकेट कोच रहते थे। एक दिन राधा को खेलते देखा तो पिता से कहा- इसे खेलने दीजिए, बहुत नाम कमाएगी। कोचिंग के लिए पैसे नहीं थे। वहां की फीस माफ हो गई। किट खरीदने के लिए कई लोगों से उधार लिया। पिता के साथ साइकिल पर 3 किलोमीटर दूर प्रैक्टिस के लिए जाती। कई बार पैदल ही लौटना पड़ता, क्योंकि टैम्पो के लिए किराया नहीं होता था।”

हरलीन देओल
21 साल की हरलीन चंडीगढ़ के उच्च मध्यमवर्गीय परिवार से हैं। पिता बिजनेसमैन हैं और भाई डॉक्टर। मां चरनजीत कौर बताती हैं, “स्पोर्ट्स तो जैसे उसके खून में था। वह हॉकी, फुटबॉल और बास्केटबॉल भी खेलती थी। क्रिकेट तो 8 साल की उम्र में गली से शुरू किया। अगले ही साल नेशनल स्कूल टीम में सिलेक्ट हो गई। जिद ठान ली कि प्रोफेशनल क्रिकेटर ही बनना है। जो लोग पहले लड़कों के साथ खेलने पर तंज कसते थे, आज वे ही उसे बेटी बताते नहीं थकते। दरअसल, हमने लोगों की तरफ कभी ध्यान ही नहीं दिया। अलसुबह प्रैक्टिस पर जाना होता था। टेबल पर चढ़कर कुंडी खोल लेती थी, ताकि किसी की नींद में खलल न पड़े। चोट लगती तो खुद दवाई कर लेती। हरलीन मानसिक तौर पर बहुत मजबूत है, अच्छी एक्टर भी है।”

तान्या भाटिया
विकेटकीपर बल्लेबाज तान्या भाटिया। पिता संजय प्रोफेशनल क्रिकेटर के बाद बैंकर बन गए। भाई सहज चंडीगढ़ से खेलता है। पिता बताते हैं, “मैं सख्त मिजाज हूं। क्रिकेटर रहा हूं, इसलिए सोच भी वैसी ही है। तान्या को हमेशा कमियां बताते हुए, उन्हें दूर करने को कहता हूं। वह मुझसे डरती भी बहुत है। 7 साल की उम्र में उसने खेलना शुरू किया। पहले योगराज (युवराज सिंह के पिता) और फिर आरपी सिंह ने कोचिंग दी। तान्या बहुत रिजर्व नेचर की है। उसके दोस्त भी नहीं हैं। 11 साल की उम्र में वो अंडर 19 के बॉलर्स का सामना करती थी। मैंने कई बार उसे छुपकर खेलते हुए देखा। कोचिंग के लिए कभी लेट हो जाती तो घर पर हंगामा खड़ा कर देती थी।”   

जेमिमा रोड्रिग्ज
मुंबई के भांडुप की जेमिमा रोड्रिग्ज। भाई ईवान क्रिकेट कोच हैं। 19 साल की जेमिमा ने दो साल पहले साऊथ अफ्रीका के खिलाफ डेब्यू किया। भाई को देखकर 4 साल की उम्र में खेलना शुरू किया। जेमिमा हॉकी की भी बेहतरीन प्लेयर हैं। 2017 में जब उनका चयन दक्षिण अफ्रीकी दौरे के लिए हुआ तो सचिन तेंदुलकर ने जेमिमा को अपने घर बुलाया। एक घंटे की इस मुलाकात को जेमिमा जिंदगी का सबसे अनमोल तोहफा बताती हैं। हालांकि, वह फैन रोहित शर्मा की हैं। जेमिमा को संगीत का बहुत शौक है। खुद भी बेहतरीन गिटार प्लेयर और डांसर हैं। हाल ही में उनका एक डांस वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।