श्रीलंका Vs न्यूजीलैंड दूसरा दिन:विलियमसन-निकोलस का दोहरा शतक, न्यूजीलैंड ने 580 पर घोषित की पहली पारी, श्रीलंका 26/2

स्पोर्ट्स डेस्क15 दिन पहले
  • कॉपी लिंक

श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला वेलिंग्टन में खेला जा रहा है। न्यूजीलैंड ने दूसरे दिन 155/2 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। न्यूजीलैंड ने 4 विकेट खोकर 580 रन के विशाल स्कोर पर अपनी पारी घोषित की। वहीं शनिवार को दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक श्रीलंका ने 2 विकेट के नुकसान पर 26 रन बना लिए हैं और वह न्यूजीलैंड से 554 रन पीछे है।

न्यूजीलैंड के लिए केन विलियमसन ने सबसे ज्यादा 215 और हेनरी निकोलस ने 200 रन बनाए। श्रीलंका को ओशदा फर्नांडो के रूप में पहला झटका लगा। फर्नांडो 6 रन बनाकर मैट हेनरी की बॉल पर टॉम ब्लंडेल को कैच थमा बैठे। वहीं कुसल मेंडिस बिना खाता खोले आउट हो गए। उन्हें डग ब्रेसवेल ने डेवोन कॉन्वे के हाथों कैच कराया। दिमुथ करुणारत्ने 16 और प्रभात जयसूर्या 4 रन बनाकर नाबाद हैं।

विलियमसन और निकोल्स का दोहरा शतक
न्यूजीलैंड की ओर से केन विलियमसन और हेनरी निकोल्स ने दोहरे शतक ठोके और 363 रन की विशाल साझेदारी निभाई। विलियमसन ने 215 और निकोल्स ने नाबाद 200 रन की पारी खेली। विलियमसन का यह 28वां टेस्ट शतक था। विलियमसन ने 296 गेंदों में 23 चौकों और दो छक्कों की मदद से 215 रन बनाए।

वहीं निकोल्स ने 240 गेंदों पर नाबाद 200 रन में 15 चौके और चार छक्के लगाए। विलियमसन की ये लगातार तीसरी शतकीय पारी है। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में और उससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ भी शतक लगाया था।

एक नजर डालिए इस मैच में बने रिकॉर्ड्स पर

  • केन विलियमसन 8000 टेस्ट रन पूरे करने वाले न्यूजीलैंड के पहले बल्लेबाज बन गए।
  • यह विलियमसन के करियर का छठा दोहरा शतक था।
  • विलियमसन और निकोल्स के बीच 363 रन की साझेदारी न्यूजीलैंड के लिए हुई 5वीं सबसे बड़ी साझेदारी है।
  • यह पहली बार था जब न्यूजीलैंड के लिए एक ही टेस्ट में दो दोहरे शतक आए हैं।
  • टेस्ट क्रिकेट में 8वीं बार 300 से ज्यादा रन की साझेदारी हुई।
  • यह 18वीं बार था जब एक टेस्ट पारी में दो बल्लेबाजों ने दोहरे शतक लगाए है।