मुंबई के कप्तान पृथ्वी शॉ विजय हजारे ट्रॉफी के फाइनल में चोटिल हो गए। रविवार को उत्तर प्रदेश के खिलाफ मैच में उनके पैर में चोट लगी। इसके बाद साथी खिलाड़ी उन्हें उठाकर फील्ड से बाहर ले गए। हालांकि, वे कुछ देर बाद मैदान पर वापस आए। पर यूपी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 312 रन बनाए। माधव कौशिक ने 156 गेंदों पर 158 रनों की पारी खेली।
यूपी के लिए कौशिक, समर्थ और अक्षदीप ने शानदार पारी खेली
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूपी की टीम को कौशिक और समर्थ सिंह ने अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 122 रन जोड़े। समर्थ 55 रन बनाकर आउट हुए। करण शर्मा और प्रियम गर्ग कुछ खास नहीं कर सके। अक्षदीप नाथ ने 40 गेंदों पर 55 रन बनाए। इसकी बदौलत यूपी की टीम ने पहाड़ जैसा टोटल खड़ा किया।
फर्स्ट स्लिप में फील्डिंग के दौरान पृथ्वी के पैर में चोट लगी
यह घटना मैच के दौरान उत्तर प्रदेश की पारी के 24वें ओवर की है। उस वक्त पृथ्वी फर्स्ट स्लिप में फील्डिंग कर रहे थे। यूपी के लिए बल्लेबाजी कर रहे माधव कौशिक ने लेग स्पिनर प्रशांत सोलंकी की गेंद पर शॉट लगाया।
फीजियो और साथी खिलाड़ी तुरंत पृथ्वी को मैदान से बाहर ले गए
गेंद सीधे जाकर पृथ्वी के बाएं पैर में लगी। वे दर्द से कराह रहे थे। इसके बाद तुरंत फीजियो को मैदान पर बुलाया गया। उन्हें तुरंत फील्ड से बाहर ले जाया गया। हालांकि, कुछ देर बाद वे फील्ड पर लौट आए। उन्हें इस दौरान फीजियो के साथ रिहैब किया।
पृथ्वी ने अब तक चार शतकों की मदद से 754 रन बनाए
उनकी बल्लेबाजी अभी तक टूर्नामेंट में मुंबई के लिए वरदान साबित हुई है। वे टूर्नामेंट के हाईएस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अब तक चार शतकों की मदद से 754 रन बनाए हैं। उनका औसत 188.50 का रहा है। उन्होंने ये रन 134.88 की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.