टीम इंडिया के स्पिनर आर अश्विन का एक वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो 6 नवंबर को जिम्बाब्वे के साथ मैच के दौरान है। रोहित शर्मा टॉस जीतने के बाद ब्रॉडकास्टर टीवी को प्लेइंग इलेवन बता रहे थे। उनके पीछे आर अश्विन हैं। उनके हाथ में दो जैकेट हैं। वह दोनों जैकेट को बारी-बारी से सूंघते हैं। इसके बाद एक जैकेट को नीचे रखकर चले जाते हैं।
यह घटना कैमरे में कैद हो जाती है। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोग तरह-तरह के कैप्शन लिखकर अश्विन का मजाक उड़ा रहे हैं। कोई उन्हें जीनियस बता रहा है तो कोई खास किस्म के टैलेंट का धनी। इस मैच में टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे को 71 रन से हराया था।
हरभजन ने पूछा- क्या सूंघ रहे हो
हरभजन सिंह ने भी वायरल वीडियो पर कमेंट किया। कहा- ऐश क्या सूंघ रहे हो। उन्होंने साथ में हंसने का इमोजी भी लगाया।
अश्विन अपने क्रिकेटिंग माइंड के लिए पहचाने जाते हैं
अश्विन की गिनती दुनिया भर के स्मार्ट प्लेयर्स में होती है। समय- समय पर अपने क्रिकेटिंग माइंड से विपक्षी टीम को मात देते रहे हैं। टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के पहले ग्रुप लीग मैच में पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने अपने प्रेजेंस ऑफ माइंड से सबको प्रभावित किया था।
भारत को जीत के लिए आखिरी गेंद पर 2 रन चाहिए थे। स्ट्राइक पर अश्विन थे। वहीं गेंदबाजी छोर पर मोहम्मद नवाज थे। नवाज ने आखिरी गेंद को विकेट से दूर रखी और अश्विन फौरन भांप गए कि यह वाइड है, उस बॉल को छोड़ दिया। अंपायर ने इसे वाइड दिया। अश्विन की इस क्रिकेटिंग स्किल को हर किसी ने सराहा। इसके बाद उन्होंने आखिरी बॉल पर सिंगल लिया और टीम इंडिया को जीत दिला दी।
अश्विन ने ग्रुप लीग में लिए हैं 6 विकेट
अश्विन ने टी-20 वर्ल्ड कप के ग्रुप लीग में खेले 5 मैचों में 6 विकेट लिए हैं। उनका इकोनॉमी रेट 7.52 का रहा है। बेस्ट 22 रन पर 3 विकेट रहा है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.