• Hindi News
  • Sports
  • Cricket
  • Ranji Trophy LIVE Score Updates; Prasidh Krishna, Jammu And Kashmir Vs Karnataka | Cricket News

रणजी ट्रॉफी राउंड अप:प्रसिद्ध कृष्णा ने लिए 6 विकेट, शाहरुख खान ने भी लगाया अर्धशतक; यश धुल 5 रन बनाकर आउट

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

गुरुवार से घरेलू क्रिकेट के सबसे बड़े टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी के दूसरे लीग मैचों की शुरूआत हो गई है। दूसरे दिन के खेल में कर्नाटक के प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट लिए, तो एक बार फिर से शाहरुख खान के बल्ले का दम देखने को मिला।

आइए जानते हैं कि रणजी ट्रॉफी के दूसरे लीग मैच के दूसरे दिन किस टीम ने कैसा प्रदर्शन किया...

छा गए प्रसिद्ध कृष्णा

कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर के बीच खेले जा रहे मुकाबले में कर्नाटक के प्रसिद्ध कृष्णा ने अपनी आग उगलती गेंदों से कहर बरपा दिया है। प्रसिद्ध ने J&K के खिलाफ पहली पारी में केवल 35 रन देकर 6 विकेट लिए हैं। उनकी घातक गेंदबाजी के सामने J&K की टीम केवल 93 रन पर ढेर हो गई। दूसरे दिन के खेल खत्म होने तक कर्नाटक ने अपनी दूसरी पारी में 128/2 का स्कोर बना लिया है। टीम की कुल बढ़ट 337 रन की हो गई है।

इससे पहले कर्नाटक ने अपनी पहली पारी में 302 रन बनाए थे। करुण नायर ने शानदार बैटिंग करते हुए 175 रन की पारी खेली। कर्नाटक के लिए उन्होंने चार साल के बाद फर्स्ट क्लास क्रिकेट में शतक लगाया। J&K की ओर से परवेज रसूल ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए थे।

शाहरुख ने फिर खेली शानदार पारी
पिछले मैच में दिल्ली के खिलाफ 194 की धमाकेदार पारी खेलने वाले तमिलनाडु के शाहरुख खान ने दूसरे मैच में भी छत्तीसगढ़ के खिलाफ बढ़िया 69 रन बनाए। उनके अलावा तमिलनाडु के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज जुड़वां भाईयों बाबा इंद्रजीत, बाबा अपराजित ने भी कमाल का खेल दिखाया। अपराजित ने 166 और इंद्रजीत ने 127 रन बनाए। TN ने पहली पारी 470/9 पर घोषित की। छत्तीसगढ़ की ओर से सुमित रुईकर ने 4 विकेट लिए।

दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक छत्तीसगढ़ ने 5 विकेट खोकर 105 रन बना लिए हैं। कप्तान हरप्रीत सिंह 47 रन पर नाबाद है। छत्तीसगढ़ अभी भी तमिलनाडु से 365 रन पीछे हैं।

शतक से चूके साकिबुल गनी
पिछले मैच में अपने रणजी डेब्यू ट्रिपल सेंचुरी का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने वाले साकिबुल गनी ने दूसरे मैच में भी शानदार खेल दिखाया। सिक्किम के खिलाफ पहली पारी में वह 135 गेंदों पर 98 रम बनाकर आउट हुए। उनके अलावा बिपिन सौरभ ने 76 रन की पारी खेली। बिहार ने अपनी पहली पारी 431/9 के स्कोर पर घोषित की। सिक्किम की ओर से पलजोर ने 3 विकेट लिए।

दूसरे दिन के खेल खत्म होने तक सिक्किम ने पहली पारी में 138/3 का स्कोर बना लिया है। लियान खान 65 और कप्तान क्रांति कुमार 56 के स्कोर पर नाबाद है। सिक्किम अभी भी बिहार से 293 रन पीछे हैं।

दिल्ली के खिलाफ झारखंड के लिए 3 विकेट लेने वाले शाहबाज नदीम
दिल्ली के खिलाफ झारखंड के लिए 3 विकेट लेने वाले शाहबाज नदीम

दिल्ली के बल्लेबाज हुए फेल
दिल्ली और झारखंड के बीच खेले जा रहे मैच में दिल्ली की टीम पहली पारी में 223 रन ही बना सकी। नाबाद 78 रन बनाने वाले जोंटी सिद्धू टॉप स्कोरर रहे। रणजी डेब्यू की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले दिल्ली के यश धुल अपने दूसरे मैच में कुछ कमाल नहीं दिखा सके। धुल झारखंड के खिलाफ पहली पारी में 5 रन बनाकर आउट हुए।

झारखंड के लिए शाहबाज नदीम ने 3 विकेट लिए। इससे पहले झारखंड ने अपनी पहली पारी में 251 रन बनाए थे। झारखंड के लिए कप्तान विराट सिंह ने 103 की शतकीय पारी खेली थी। वहीं, दिल्ली के लिए नवदीप सैनी और विकास मिश्रा ने 3-3 विकेट लिए।

बड़ौदा बनाम चंडीगढ़
बड़ौदा और चंडीगढ़ के बीच खेले जा रहे एक अन्य मैच में बड़ौदा ने 230 रन की लीड ले ली है। पहली पारी में बड़ौदा ने 398/7 का स्कोर बनाया था। विष्णु सोलंकी 103 के स्कोर पर नाबाद रहे। चंडीगढ़ की ओर से जगजीत सिंह संधू ने 3 विकेट लिए। इसके जवाब में चंडीगढ़ की टीम पहली पारी में 168 पर ही ढेर हो गई। कप्तान मनन वोहरा 43 टॉप स्कोरर रहे। बड़ौदा के लिए अभिमन्यु सिंह ने 5 विकेट चटकाए।

ओडिशा के खिलाफ 235 रन बनाने वाले सौराष्ट्र के चिराग जानी
ओडिशा के खिलाफ 235 रन बनाने वाले सौराष्ट्र के चिराग जानी

ओडिशा बनाम सौराष्ट्र
ओडिशा और सौराष्ट्र के बीच खेले जा रहे मैच में सौराष्ट्र की पकड़ मजबूत नजर आ रही है। पहली पारी में सौराष्ट्र ने 501 का स्कोर बनाया। चिराग जानी ने 235 रन बनाए। शेल्डन जैकसन ने भी 75 रन की पारी खेली। हालांकि चेतेश्वर पुजारा 8 रन ही बना सके। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक ओडिशा ने पहली पारी में 52/3 रन बना लिए हैं और अभी भी सौराष्ट्र से 449 रन पीछे हैं।