भारतीय फुटबॉल टीम ने शनिवार रात AFC एशियन कप क्वालिफायर्स-2023 में अफगानिस्तान पर 2-1 की रोमांचक जीत दर्ज की। यह उसकी इस प्रतियोगिता में दूसरी जीत है। अब टीम का सामना 14 जून को हांग कॉन्ग से होगा।
कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में करीब छह माह बाद वापसी कर रहे पूर्व भारतीय कप्तान सुनील क्षेत्री और साहेल समद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय फुटबॉल फैंस का दिल जीत लिया।
यहां घरेलू दर्शकों के बीच भारतीय कप्तान सुनील क्षेत्री ने कमाल की फ्री किक जमाते हुए गोल दागा। यह गोल 86वें मिनट में आया। इस गोल की बदौलत भारतीय टीम ने मुकाबले के आखिरी छणों में 1-0 की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की। लेकिन, भारतीय टीम की यह खुशी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। क्योंकि ठीक दो मिनट बाद मेहमान टीम की ओर से जुबयार अमिरी ने 88वें मिनट में गोल कर स्कोर 1-1 से बराबरी पर ला दिया।
ऐसे में सभी को लग रहा था कि मामला एक्स्ट्रा टाइम में जाएगा। लेकिन, अब्देल समद साहेल ने इंजरी टाइम में गोल दागते हुए भारत को 2-1 की जीत दिला दी। यह गोल 90+1 मिनट में आया।
ग्रुप डी में दूसरे नंबर पर टीम इंडिया
इस जीत के साथ भारतीय टीम टूर्नामेंट के ग्रुप-डी में दूसरे नंबर पर आ गया है। उसने दो मुकाबले खेले हैं और दोनों में ही जीत दर्ज की है। हांग कॉन्ग की टीम पहले स्थान पर है। दोनों के खाते में एक समान 6-6 अंक हैं। लेकिन, गोल डिफरेंस के मामले में हांग कॉन्ग की टीम आगे है।
कंबोडिया से जीता था पहला मुकाबला
भारतीय टीम ने अपने सफर का आगाज कंबोडिया पर 2-0 की जीत के साथ किया था। आठ जून को खेले गए इस मुकाबले में कप्तान सुनील क्षेत्री ने डबल गोल किए थे। एक गोल पेनाल्टी पर आया तो दूसरा फील्ड गोल था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.