फीफा वर्ल्ड कप में गुरुवार को स्विट्जरलैंड ने कैमरून को 1-0 से हराया। स्विट्जरलैंड की ओर से ब्रील एम्बोलो ने हाफ टाइम के ठीक बाद 48वें मिनट में गोल दागा। हालांकि, उन्होंने गोल सेलिब्रेट नहीं किया। दरअसल, ब्रील का जन्म कैमरून में ही हुआ था, लेकिन वे अब स्विट्जरलैंड से खेलते हैं।
इस मैच के बाद अब ग्रुप G में स्विट्जरलैंड 3 पॉइंट्स के साथ टॉप पर आ गया है। ग्रुप का अगला मुकाबला आज देर रात ब्राजील और सर्बिया के बीच खेला जाएगा।
5 साल की उम्र में छोड़ दिया था कैमरून
एम्बोलो ब्रील जब पांच साल के थे, तब उनके पैरेंट्स अलग हो गए थे। ब्रील मां के साथ फ्रांस चले गए और अगले साल स्विट्जरलैंड चले गए। इससे उन्हें स्विट्जरलैंड की नागरिकता मिल गई और उन्होंने वहां से ही स्विट्जरलैंड नेशनल फुटबाॅल टीम में जगह बनाई।
दूसरे हाफ में दागा गोल
पहले हाफ में स्कोर 0-0 था। पहले हाफ के ठीक बाद 48 वें मिनट में स्विट्जरलैंड के खिलाड़ी ब्रील एम्बोलो ने गोल किया। बॉक्स के अंदर उन्हें पास मिला जिसका फायदा उठाते हुए उन्होंने गोलकीपर को छकाते हुए गोल स्कोर किया। स्विट्जरलैंड ने गोल पर 6 शॉट मारे जिसमें से एक नेट के अंदर गया।
अब देखिए ग्रुप-G का पाॅइंट्स टेबल
कैमरून ने चांस बनाए पर गोल करने में नाकाम
कैमरून ने गेम के दौरान स्विट्जरलैंड से ज्यादा चांस बनाए। जहां स्विट्जरलैंड ने गोल की तरफ 6 शॉट मारे, वहीं कैमरून ने 8 शॉट मारे। इसके बावजूद कैमरून अच्छी फिनिशिंग नहीं कर पाया और मैच जीतने में नाकाम रहा।
स्विट्जरलैंड और कैमरून की स्टार्टिंग प्लेइंग इलेवन
स्विट्जरलैंड (4-5-1): यान सोमर, सिल्वन विडमेर, निको एल्वेदिक, मैनुअल अकांजी, रिकार्डो रोड्रिगेज, रेमो फ्रीयूलर, ग्रांट जाका, मोहम्मद सोव, रुबेन वर्गास, जेरदान शकीरी, ब्रील एम्बोलो।
कैमरून (4-3-3): आंद्रे ओनाना, निकोलस एनकोउलू, कोलिन्स एफएआई, जीन-चार्ल्स कैस्टेलेटो, नूहौ टोलो, आंद्रे-फ्रैंक जाम्बो एंगुइसा, सैमुअल गौएट, मार्टिन हांग्ला, कार्ल टोको एकांबी, चोपो-मोटिंग एरिक मैक्सिम, ब्रायन म्ब्यूमो।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.