• Hindi News
  • Sports
  • CWG 2022 Schedule DAY 1 Update; India Vs Pakistan Badminton, IND AUS T20 Cricket | Commonwealth Games

कॉमनवेल्थ गेम्स के पहले दिन भारत का शानदार प्रदर्शन:बैडमिंटन-मुक्केबाजी में भारत ने पाकिस्तान को हराया, हॉकी में घाना को 5-0 से रौंदा

बर्मिंघम8 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

भारतीय खिलाड़ियों ने 22वें कॉमनवेल्थ गेम्स के पहले दिन अच्छी शुरुआत की। बॉक्सिंग में भारतीय मुक्केबाज शिव थापा ने पाकिस्तानी प्रतिद्वंद्वी को हराया। बैडमिंटन के मिक्स्ड टीम इवेंट में भी भारत ने पाकिस्तान को मात दी। विमेंस हॉकी में भारत ने पहले मैच में घाना को 5-0 के बड़े अंतर से हराया। टेबल टेनिस में महिला टीम ने अपना दोनों मुकाबला जीता। वहीं पुरुष टीम ने भी अपना पहला मुकाबला जीत लिया है। जबकि स्क्वॉश में भी भारत की टीम ने जीत के साथ आगाज किया।

कॉमनवेल्थ गेम्स का पहला गोल्ड इंग्लैंड के नाम रहा है। ओलिंपिक चैंपियन एलेक्स यी ने ट्रायथलॉन में पहला गोल्ड मेडल जीता।

टेबल टेनिस में भारतीय टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंची
भारतीय महिला और पुरुष टीम टेबल टेनिस के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। पुरुष टीम ने बारबाडोस और सिंगापुर को हराया तो वहीं, महिला टीम ने साउथ अफ्रीका और फिजी आइलैंड को मात दी। भारतीय स्विमर श्रीहरि नटराज ने इतिहास रच दिया है। वह 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्विमिंग कॉम्पिटीशन के फाइनल में पहुंच गए हैं।

स्क्वॉश में अनाहत और अभय सिंह का जीत के साथ आगाज
कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत की सबसे युवा स्क्वॉश खिलाड़ी अनाहत सिंह ने विमेंस सिंगल्स में जीत के साथ शानदार शुरुआत की है। उन्होंने सेंट विंसेंट और ग्रेनेडाइंस के जैडा रॉस को लगातार तीन गेमों में हराया। अनाहत ने पहला गेम 11-5 से जीता। दूसरा गेम में अनाहत ने जैडा रॉस को 11-2 से मात दी। वहीं तीसरा गेम 11-0 से अपने पक्ष में करके मैच पर कब्जा जमा लिया। वहीं अभय सिंह ने भी मेंस सिंगल्स में जीत के साथ आगाज किया। उन्होंने ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड के जो चैपमैन को 11-5, 11-5, 11-5 से हराकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया।

स्क्वॉश में अनाहत सिंह ने विमेंस सिंगल्स में जीत के साथ शानदार शुरुआत की
स्क्वॉश में अनाहत सिंह ने विमेंस सिंगल्स में जीत के साथ शानदार शुरुआत की

टेबल टेनिस में महिला टीम ने दूसरा मुकाबला भी जीता
टेबल टेनिस में भारतीय महिला टीम ने ग्रुप-2 के मुकाबले में फिजी को 3-0 से हराया। दिया पराग चितले और श्रीजा की जोड़ी ने डबल्स में फिजी की तौआ टिटाना और ग्रेस रोजी यी को पहले मैच में 11-8, 11-3, 11-5 से हराया। इसके बाद सिंगल्स कैटेगरी में मनिका बत्रा ने कैरोलिन ली को 11-2, 11-4, 11-2 से आसानी से हरा दिया और टीम इंडिया को 2-0 की बढ़त दिलाई। आखिरी मैच में श्रीजा अकुला ने ग्रेस रोजी यी को 11-7, 11-1, 11-2 से हराया और टीम इंडिया को 3-0 से जीत दिला दी। फिजी से पहले भारत ने दक्षिण अफ्रीका की महिला टीम को 3-0 से हराया था।

हॉकी में गुरजीत ने किए 2 गोल
टोक्यो ओलिंपिक में चौथे स्थान पर रहने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम ने घाना की चुनौती को एकतरफा अंदाज में ध्वस्त कर दिया। भारत के लिए गुरजीत कौर ने सबसे ज्यादा दो गोल किए। नेहा, संगीता और सलीमा टेटे ने 1-1 गोल किया।

बैडमिंटन मिक्स्ड टीम इवेंट में शुरुआती सभी मुकाबले जीते

बैडमिंटन मिक्स्ड टीम इवेंट में भारत ने पाकिस्तान को किसी नौसिखुआ की तरह धो दिया। पहले मिक्स्ड डबल्स और इसके बाद मेंस सिंगल्स और डबल्स और विमेंस सिंगल्स और डबल्स में भारतीय खिलाड़ियों ने सीधे गेमों में जीत हासिल की।

  • पहला मुकाबला (मिक्स्ड डबल्स) : अश्विनी पोनप्पा और सुमित रेड्डी की भारतीय जोड़ी ने मुहम्मद इरफान सईद भट्टी और गजाला सिद्दीकी की जोड़ी को डबल्स में हराया। पहले गेम में 21-9 से जीत दर्ज की। जबकि दूसरे गेम में पोनप्पा और रेड्डी की जोड़ी ने गजाला और इरफान से 21-12 से जीता।
  • दूसरा मुकाबला ( मेंस सिंगल्स): किंदाबी श्रीकांत ने मुराद अली को 21-7, 21-12 से हराया।
  • तीसरा मुकाबला (विमेंस सिंगल्स): पीवी सिंधु ने माहूर शहजाद को 21-7, 21-6 से मात दी।
  • चौथा मुकाबला (मेन्स डबल्स ): भारत के सात्विकसाईराज रैंकी रेड्डी और चिराग शेट्टी ने पाकिस्तान के मुराद अली और मोहम्मद इरफान की जोड़ी को 21-12, 21-9 से हराया।
  • पांचवां मुकाला ( विमेंस डबल्स) : त्रिषा जॉली और पुलेला गायत्री गोपीचंद की महिला जोड़ी ने पाकिस्तान की माहूर शहजाद और गजाला सिद्दकी की पाकिस्तानी जोड़ी को 21-4, 21-5 से हराया।

शिव थापा ने सुलेमान बलोच को 5-0 से हराया
मुक्केबाजी में शिव थापा ने भारतीय अभियान का शानदार आगाज किया। उन्होंने 65 KG वेट कैटगिरी में पाकिस्तानी बॉक्सर सुलेमान बलोच को 5-0 से हराकर अगले दौर में अपना स्थान पक्का किया।

टेबल टेनिस में मणिका और सृजा ने दिलाई जीत
टेबल टेनिस के महिला ग्रुप-2 के क्वालिफिकेशन राउंड में भारत ने साउथ अफ्रीका को 3-0 से हरा दिया। भारत ने एक डबल्स और दो सिंगल्स मुकाबले जीते। बता दें कि टेबल टेनिस के टीम इवेंट बेस्ट ऑफ फाइव के आधार पर खेले जाते हैं। तीन मुकाबले जीतने वाली टीम मुकाबला जीत जाती है।

  • पहला मुकाबला (डबल्स) : सबसे पहले सृजा अकुला और रीत टेनिसन की भारतीय जोड़ी ने साउथ अफ्रीका की लैला एडवर्ड-दानिशा पटेल की जोड़ी को डबल्स मैच में 11-7, 11-7, 11-5 से हराया। इस जीत से भारत को 1-0 की बढ़त मिली।
  • दूसरा मुकाबला (सिंगल्स) : स्टार पैडलर मणिका बत्रा ने सिंगल्स में मुश्फिकुह कलाम को सीधे सेट में 11-5, 11- 3, 11-2 से हराया है। मणिका ने भारत की बढ़त दोगुनी कर दी।
  • तीसरा मुकाबला (सिंगल्स) : सृजा अकुला ने दानिशा जयवंत पटेल को 11-5, 11-3, 11-6 से हराया। इस जीत के साथ भारत को 3-0 की अजेय बढ़त मिल गई और वह मुकाबला जीत गया।

मेंस कैटेगरी में शरत कमल और साथियान की आसान जीत
भारतीय विमेंस टेबल टेनिस टीम के बाद मेंस टीम ने भी जीत के साथ अभियान की शुरुआत की है। भारतीय टीम ने बारबाडोस को 3-0 से मात दी।

  • पहला मुकाबला (डबल्स) : हरमीत देसाई और जी. साथियान की जोड़ी ने केविन फार्ले और टायरेस किंग्स को 11-9, 11-9, 11-4 से हराया और टीम को 1-0 से आगे कर दिया।
  • दूसरा मुकाबला (सिंगल्स) : अचंता शरत कमल ने रेमन मैक्सवेल को सीधे गेमों में 11-5, 11- 3, 11-3 से हराया है। इसके बाद भारत की बढ़त 2-0 हो गई।
  • तीसरा मुकाबला (सिंगल्स) : जी. साथियान ने टायरेस किंग्स को 11-4, 11-4, 11-5 से हराया। इस जीत के साथ भारत ने मुकाबला 3-0 से अपने नाम कर लिया।

स्वीमर श्रीहरि सेमीफाइनल में
स्वीमिंग में भारत के श्रीहरि नटराज ने 100 मीटर बैकस्ट्रोक इवेंट के सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। श्रीहरि ने हीट-3 में 54.68 सेकेंड की टाइमिंग के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। वे ओवरऑल 5वें नंबर पर रहे। उनसे पहले दिल्ली के तैराक कुशाग्र रावत मेंस 400 मीटर फ्रीस्टाइल स्वीमिंग के फाइनल के लिए क्वालिफाई करने में नाकाम रहे हैं। वे 8 खिलाड़ियों की हीट में आखिरी स्थान पर रहे। कुशाग्र ने 3:57.45 की टाइमिंग निकाली। सजन प्रकाश (25.01 सेकेंड) 50 मीटर बटरफ्लाई में 8वें नंबर पर रहे। वे ओवरऑल 24वें स्थान पर रहे और सेमीफाइनल (टॉप-16) में क्वालीफाई करने में नाकाम रहे।

लॉन बॉल में तानिया चौधरी 21-10 से हारीं
लॉन बॉल में भारत की तानिया चौधरी को पराजय झेलनी पड़ी है। उन्हें स्कॉटलैंड की डी हॉन्ग ने 21-10 से हराया। वहीं, राउंड-1 के टीम मुकाबले में भारतीय टीम को न्यूजीलैंड ने 23-21 से पराजित कर दिया है। पुरुष वर्ग में भारतीय टीम का मैच तीन घंटे बाद होगा।

पहले दिन 16 गोल्ड दांव पर
बर्मिंघम में चल रहे साल के सबसे बड़े इस स्पोर्ट्स मल्टी इवेंट के पहले दिन 16 गोल्ड दांव पर हैं। इनमें सबसे ज्यादा 7 गोल्ड तो स्विमिंग से हैं। ट्रैक साइक्लिंग में 6, ट्रायथलॉन में 2 और आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक में 1 गोल्ड के लिए खिलाड़ियों के बीच होड़ होगी।

11 दिन चलने वाले इन गेम्स में 72 देशों के 5 हजार से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिसमें 20 खेलों में 280 इवेंट्स होंगे। भारत का 213 सदस्यीय दल हिस्सा लेगा। इसमें 110 पुरुष और 103 महिला खिलाड़ी हैं।

खबरें और भी हैं...