• Hindi News
  • Sports
  • Ranji Trophy FINAL Mumbai Vs Madhya Pradesh; Day 4 MP On Front Foot

रणजी ट्रॉफी फाइनल में MP का पलड़ा भारी:पहली पारी में 162 रन की लीड बनाई, मुंबई को जीत के लिए चमत्कार की जरूरत

बेंगलुरूएक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

मध्य प्रदेश की टीम पहली बार रणजी ट्रॉफी खिताब जीतने के काफी करीब पहुंच गई है। टीम ने यश दुबे (133), शुभम शर्मा (116) और रजत पाटीदार (122) के शतकों की मदद से अपनी पहली पारी में 536 रन बनाए। इस तरह MP को पहली पारी के आधार पर 162 रन की बढ़त मिली। जवाब में मुंबई ने चौथे दिन स्टंप्स तक अपनी दूसरी पारी में दो विकेट खोकर 113 रन बनाए थे। अरमान जाफर 30 और सुवेद पाटकर 9 रन बनाकर नाबाद हैं। मुंबई अब भी 49 रन पीछे है।

मैच में 1 दिन का ही खेल बचा है और स्पष्ट परिणाम आने की संभावना काफी कम है। अगर ऐसा होता है तो MP की टीम पहली बार रणजी चैंपियन बन जाएगी। नियमों के मुताबिक अगर फाइनल का स्पष्ट नतीजा सामने नहीं आता है तो फिर पहली पारी के आधार पर चैंपियन का फैसला होता है।

मुंबई की टीम यहां से चैंपियन तभी बन सकती है जब वह आखिरी दिन बेहद तेज खेल दिखाते हुए MP के सामने चुनौतीपूर्ण टारगेट रखे और फिर उसे समय रहते ऑलआउट भी कर दे।

मुंबई पहली पारी में 374 रन पर आउट
इससे पहले मुंबई ने सरफराज खान के शतक की बदौलत मैच की पहली पारी में 374 रन बनाए थे। सरफराज खान ने 134 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी शतकीय पारी में 243 गेंदों का सामना किया और 13 चौके और 2 छक्के लगाए। 24 साल के सरफराज ने अपने फर्स्ट क्लास करियर का आठवां शतक जमाया है। पिछली 14 रणजी पारियों में सरफराज एक तिहरा शतक, दो दोहरे शतक, चार शतक और तीन अर्धशतक लगा चुके हैं।

इमोशनल सरफराज ने अपने शतक को मूसेवाला की स्टाइल में सेलिब्रेट किया।
इमोशनल सरफराज ने अपने शतक को मूसेवाला की स्टाइल में सेलिब्रेट किया।

गौरव को चार, अनुभव को दो विकेट
मुंबई की पहली पारी में गौरव यादव ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। अनुभव अग्रवाल ने तीन, सारांश जैन ने दो और कुमार कार्तिकेय ने एक विकेट लिया था।