टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने आज ही के दिन 2011 में अपना टेस्ट डेब्यू किया था। विराट ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। उन्होंने अपने 11 साल में खेले अपने हर टेस्ट को अपने लैपटॉप में संजोकर रखा है।
वीडियो में 33 साल के विराट अपना लैपटॉप खोलते हैं और टेस्ट नाम के फोल्डर में उनके हर मैच की फोटो नजर आती है। सोशल मीडिया पर कोहली का वीडियो अब खूब वायरल हो रहा है। विराट ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना पहला टेस्ट मैच खेला था।
गांगुली और द्रविड़ ने भी आज ही किया था डेब्यू
पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली के अलावा सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ ने भी आज ही के दिन टेस्ट डेब्यू किया था। सौरव और द्रविड़ ने 1996 में एक साथ टीम इंडिया के लिए डेब्यू किया था।
वर्तमान में तीनों भारतीय क्रिकेट में अपना योगदान दे रहे हैं। विराट तीनों फॉर्मेट में भारत के लिए खेल रहे हैं। वहीं, सौरव गांगुली BCCI अध्यक्ष के तौर पर काम कर रहे हैं। जबकि राहुल द्रविड़ टीम के कोच की भूमिका में हैं।
सबसे ज्यादा मैच जिताने वाले कप्तान
विराट कोहली भारतीय टीम को सबसे ज्यादा टेस्ट जिताने वाले कप्तान हैं। कोहली की कप्तानी में भारत ने 68 में से 40 टेस्ट जीते हैं। वहीं, धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया को 60 में से 27 टेस्ट में जीत मिली है। गांगुली के नेतृत्व में टीम ने 21 टेस्ट जीते थे। विराट की कप्तानी में भारतीय टीम सबसे लंबे समय तक टेस्ट रैंकिंग में नंबर-1 रही है। टीम 42 महीनों तक टेस्ट के शिखर पर रही।
विराट भारत के लिए सौ से ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाले 12वें भारतीय क्रिकेटर हैं। ओवरऑल बात करें तो उनसे पहले दुनिया के 71 खिलाड़ी इस उपलब्धि को हासिल कर सके हैं।
कोहली के बल्ले से 2019 के बाद से उनके बल्ले से टेस्ट शतक नहीं आया है। उन्होंने आखिरी बार शतक 23 नवंबर 2019 को बांग्लादेश के खिलाफ कोलकाता में लगाया था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.