- Hindi News
- National
- Farrukh Nagar News Brahmin Society Will Oppose The Ownership Of Land To Panchayat And Napa
जमीन का मालिकाना हक पंचायत एवं नपा को दिए जाने का विरोध करेगा ब्राह्मण समाज
15 मार्च को ब्राह्मण समाज व अन्य समाज के लोग रणनीति तय करेंगे
15 मार्च को ब्राह्मण समाज सहित अन्य समाज के लोग वजीरपुर रोड स्थित नीमराणा प्लेस पर एकजुट होंगे तथा दोहलीदार, भोंडेदार, साझीदार, बुटिमार, मुकिरदार, चिश्तीदार आदि काश्तकार को दी गई जमीन का मालिकाना हक पंचायत एवं नपा को दिए जाने के कानून को लेकर विरोध करेंगे। इस कानून को वापस लेने के लिए अन्य बिरादरियों का भी समर्थन मिल रहा है। 15 मार्च को हजारों की संख्या में अपनी मांगों को लेकर ब्राह्मण समाज सहित कई समाज के लोग मसलन सेन समाज, प्रजापति समाज, जांगिड़ समाज, हरिजन समाज, लुहार, मनिहार और जोगी समाज के लोग एकजुट होंगे। यह बात फर्रुखनगर में आयोजित एक प्रेस वार्ता में ब्राह्मण समाज पटौदी क्षेत्र के अध्यक्ष गुलशन शर्मा समाजसेवी राजवीर शर्मा एवं कृष्ण पंडित ने कही।
सवाल: सरकार समाज की जमीन को पंचायत व नप को कैसे दे सकती है
ब्राह्मण समाज ने तर्क दिया कि उक्त समाज को मालिकों ने 1832 से लेकर 1875 तक जमीन दान में दे रखी थीं। उस समय पंचायत और नगरपालिका और नगर परिषद नहीं थी। ऐसे में सरकार उनकी जमीन को पंचायत नपा परिषद को कैसे दे सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार दोहलीदार कानून में संशोधन को तुरंत प्रभाव से वापस लें। हरियाणा सरकार समाज की सेवादार वह पुरोहित समाज को भूमि से वंचित ना करें। यह जमीन पट्टी के मालिकों व सरकार की कभी नहीं रही। इस जमीन पर 1832 से उनका कब्जा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे ब्राह्मण नेताओं का विरोध किया जाएगा, जिन्होंने इस कानून को लागू करवाने में समाज की अनदेखी की और समाज को भूमि से वंचित कराया है। ऐसे नेता व व्यक्ति को समाज की सभा में अपना स्पष्टीकरण देने के लिए भी नहीं बोलने दिया जाएगा।
समाज को मालिकों ने 1832 से लेकर 1875 तक जमीन दान में दे रखी थी
कानून को हर हालत में वापस लेने को मजबूर करेंगे
प्रेस वार्ता में कहा गया कि 15 मार्च को भीड़ जुटाने के लिए पूरे जिले के सभी गांव में संपर्क साधा गया है। इसके लिए पांच-पांच के लोगों की 10 टीमों का गठन किया गया जोकि इस कानून के बारे में लोगों को जागरूक कर रहे हैं। 15 मार्च को ही ब्राह्मण समाज और अन्य समाज के लोग अगले रणनीति तय करेंगे और सरकार को इस काले कानून को हर हालत में वापस लेने के लिए मजबूर करेंगे। प्रेस वार्ता के दौरान सरपंच इंद्रजीत शर्मा सैदपुर रामनिवास शर्मा हकदारपुर तीरथ राम रामपुर नंदकिशोर जाटोला, राकेश शर्मा, सुल्तानपुर सुरेंद्र गाैड़, विक्रम शर्मा, उमेश कौशिक उर्फ गुड्डू, राजकुमार शर्मा आदि गणमान्य लोग मौजूद रहे।
फर्रुखनगर. पत्रकारों से बातचीत करते ब्राह्मण समाज के लोग।