- Hindi News
- National
- Bahal News Haryana News 18 Imitators Caught In 10th English Paper Relieved From Supervisor Duty
10वीं के अंग्रेजी के पेपर में पकड़े 18 नकलची, दाे सुपरवाइजर ड्यूटी से रिलीव
शिक्षा बोर्ड व पुलिस के लाख प्रयासों के बावजूद नकल रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। बेशक भिवानी में अन्य जिलाें की अपेक्षा नकल का बोलबाला कम है लेकिन कुछ परीक्षा केंद्रों पर बाह्य हस्तक्षेप बना रहता है। शुक्रवार काे जिले में नकल के 18 मामले दर्ज किए व दाे सुपरवाइजरों काे ड्यूटी में काेताही बरतने के आरोप में ड्यूटी से मुक्त किया गया।
गुरुवार को दसवीं कक्षा के अंग्रेजी विषय की परीक्षा में बहल कस्बे के शंकरमल साबू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र पर जमकर नकल चली। नकल करवाने वाले हौसले इतने बुलंद दिखाई दिए की पुलिसकर्मी के बार बार युवकों को केंद्र के बाहर से खदेडऩे के बावजूद बाहर जाने की बजाए नकल कराने में व्यस्त रहे। नकल कराने वाले पर्ची लेकर दीवार फांदकर कर सेंटर तक पहुंच रहे थे और कमरे की खिड़कियों में खड़े होकर अपने अपने परिचित परीक्षार्थियों को नकल की पर्चियां देते हुए दिखाई दिए। बहल युवा एकता संगठन के प्रधान योगेश शर्मा ने बताया कि जब से उनके कार्यकर्ताओं ने परीक्षा सेंटरों पर ड्यूटी बंद की है तब से नकल कराने वालों के हौसले बुलंद हो गए हैं। उधर बाेर्ड सचिव राजीव प्रसाद के उड़नदस्ते ने जिले के जुई, ढिगावा, कुड़ल, पहाड़ी, खरकड़ी व गिगनाऊ आदि परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर नकल के 14 मामले दर्ज किए गए। हालांकि उक्त परीक्षा केंद्रों पर बाह्य हस्तक्षेप न के बराबर रहा व परीक्षा शांतिपूर्वक चली। उधर अन्य उड़नदस्तों ने धनाना व बवानी खेड़ा के श्रीलाल बहादुर शास्त्री सीनियर सेकंडरी स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर नकल के चार मामले दर्ज किए। उड़नदस्ते ने धनाना में नियुक्त सुपरवाइजर रणधीर सिंह व श्रीलाल बहादुर शास्त्री स्कूल में नियुक्त पर्यवेक्षक रामफल को ड्यूटी में कोताही बरतने पर कार्यभार मुक्त किया गया।
बोर्ड नकल रहित परीक्षा करवाने को है प्रतिबद्ध पत्रकारों से बातचीत करते हुए बोर्ड चेयरमैन डॉ. जगबीर सिंह ने बताया कि बोर्ड नकल रहित परीक्षा करवाने को प्रतिबद्ध है। नकल रहित परीक्षा करवाने में ग्राम पंचायतों के सहयोग पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में 860 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें एक दो परीक्षा केंद्र को छोड़कर हर परीक्षा केंद्र पर ग्राम पंचायत के सदस्य लट्ठ लेकर नकल रोक रहे हैं। ऐसी ग्राम पंचायतों को बोर्ड प्रशासन व जिला प्रशासन की तरफ से 26 जनवरी या 15 अगस्त जैसे मौकों पर सम्मानित किया जाएगा।
1. भिवानी के सेठ किरोड़ीमल रावमा विद्यालय के परीक्षा केंद्रों की दीवारों पर भी युवक चढ़ते व उतरते दिखाई देते हैं। परीक्षा केंद्र के बाहर पुलिस का सख्त पहरा रहता है लेकिन जैसे ही पुलिस कर्मचारी की नजर परीक्षा केंद्र की दीवार से हटी युवक तुरंत दीवार फांदकर अंदर जाने का प्रयास करते हैं। जब पुलिस कर्मचारी को इस बात का पता चलता है कि युवक नीचे उतरकर भाग जाते हैं। परीक्षा के समय केंद्र के बाहर अनेक युवक जमा रहते हैं। पुलिस कर्मचारी युवकों को बार बार खदेड़ते हैं लेकिन युवक जब तक परीक्षा समाप्त नहीं होती तब तक इसी ताक में रहते हैं कि किसी तरह परीक्षा केंद्र के अंदर पहुंचकर साथी को पर्ची दे सकंे। शहर के अन्य परीक्षा केंद्रों पर शांति पूर्व माहौल में परीक्षार्थी चल रही है।
2. बवानीखेड़ा क्षेत्र में बने परीक्षा केंद्रों में बाह्य हस्तक्षेप न के बराबर है। पुलिस की सख्ती के कारण परीक्षा केंद्रों पर शांति पूर्व रूप से परीक्षाएं हो रही हैं लेकिन सूत्रों का कहना हैं कि परीक्षा केंद्र के अंदर परीक्षार्थी आपस में एक-दूसरे की नकल कर रहे हैं।
3. कैरू क्षेत्र में बने परीक्षा केंद्रों में भी बाह्य हस्तक्षेप पूरी तरह से बंद है। पुलिस की सख्ती के शांति पूर्वक रूप से परीक्षा चल रही हैं, लेकिन सूचना है कि यहां परीक्षार्थी प्रश्न पत्र में आने वाले एक-एक नंबर के प्रश्नों के उत्तर एक-दूसरे की मदद से करते हैं। हालांकि पिछले सालों के मुकाबले इस बार यहां शांतिपूर्ण रूप से परीक्षा हो रही हैं।
4. चांग, गुजरानी, तिगड़ाना, बामला, जुई, हेतमपुरा, गोलपुरा के परीक्षा केंद्रों पर इस बार बाह्य हस्तक्षेप नहीं है। यहां पुलिस व बोर्ड के अलावा ग्रामीणों का भी नकल रोकने में पूरा सहयोग मिल रहा है।
5. जिले के कुछ परीक्षा केंद्रों पर पुलिस प्रशासन नकल रोकने में काफी हद तक सफल हो रहा हैं तो कुछ केंद्रों पर नकल करवाने वाले पुलिस कर्मचारियों पर भारी पड़ रहे हैं। बोर्ड व पुलिस के प्रयासों के बावजूद कुछ परीक्षा केंद्रों पर नकल चल रही है।
बोर्ड प्रशासन के प्रयासों के बावजूद जिले के कुछ परीक्षा केंद्रों पर चल रही नकल