- Hindi News
- National
- Jhojhu Kalan News Haryana News 25 Will Be Scheduled For The First Phase Of Procurement Mustard Support Price Set At Rs 4425
25 को पहले चरण में होने वाली खरीद का होगा शेड्यूल जारी, सरसों का समर्थन मूल्य 4425 रुपये निर्धारित किया
सरकार के निर्देशानुसार प्रशासनिक स्तर पर सरसों की खरीद की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। निर्धारित मंडियों में एक अप्रैल से खरीद शुरू हो जाएगी। मेरी खेती मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकृत 41 हजार किसान समर्थन मूल्य पर फसल बेच सकेंगे। खरीद प्रक्रिया में किसानों को भीड़ व असुविधाओं का सामना नहीं करना पड़े इसके लिए गांव वाइज शेड्यूल बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। 25 मार्च को ही पहले चरण में होने वाली खरीद का शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा।
रबी सीजन की फसल को नकदी फसल भी कहा जाता हैं। इसलिए ही जिले के किसानों ने 49 हजार 500 हेक्टयेर में गेहूं व 53 हजार 300 हेक्टेयर मे सरसों की बीजाई की हैं। सरसों की सरकारी रेट पर ब्रिक्री के लिए 37 हजार 51 किसानों ने अपनी एक लाख 94 हजार 573 एकड़ फसल का पंजीकरण करवाया हैं। वहीं जिले के 2 हजार 28 किसानों ने 8 हजार 51 एकड़ गेहूं की फसल का पंजीकरण मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर करवाया हैं।
इस बार सरसों का समर्थन मूल्य 4425 रुपये निर्धारित किया गया हैं। जबकि पिछले साल सरसों का निर्धारित भाव 4200 रुपये निर्धारित किया गया था। जिले में सरसों की खरीद चरखी दादरी व बाढ़डा की मंडियों में ही की जाएगी। वहीं गेहूं की खरीद चरखी दादरी, बौंद कलां, झोझू कलां व बाढ़डा में की जाएगी। किसानों को कोई असुविधा ना हो इसके लिए विभाग ने अभी से तैयारी शुरू कर दी हैं।
बाजार में होते है फसल के भाव कम इसलिए होती है मंडी में मारामारी : बाजार में फसलों के भाव व सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य में करीबन 500 से 700 रुपये कम होता हैं। इसलिए ही किसानों की मंडी में फसल बेचने के लिए मारामारी रहती हैं। लेकिन इस बार विभाग की तरफ से किसानों को कोई असुविधा नहीं होने के दावे किए जा रहे है।
मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकृत आंकड़ों के आधार पर चरखी दादरी खंड में 2 हजार 28 किसानों ने गेहूं की फसल का पंजीकरण करवाया हैं। बाढ़डा खंड में एक हजार 918 किसानों ने पंजीकरण करवाया है तो वहीं सबसे कम बौंद कलां में 588 किसानों ने ही अपनी 2 हजार 408 एकड़ फसल का पंजीकरण करवाया हैं।
सीधे बैंक अकाउंट में जमा होगी फसल की राशि
किसानों द्वारा मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण करते समय दिए गए बैंक अकाउंट में ही किसानों की फसलों का पैसा जमा करवाया जाएगा। इससे दलालों व सौदागरों की धांधली को खत्म किया जा सकेगा। जे फार्म ऑनलाइन होने के बाद किसानों का भुगतान किया जाएगा।
गेहूं की फसल के लिए अभी
भी खुला है पोर्टल
गेहूं की फसल को सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए किसान मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते है। विभाग की तरफ से सरसों का ऑनलाइन पंजीकरण बंद कर दिया गया है। किसान अब गेहूं की फसल का पंजीकरण कर सकते है ताकि वह अपनी फसलों को समर्थन मूल्य पर बेच सकें।
खंड वाइज पोर्टल पर पंजीकृत किसान व रकबा
खंड किसान रकबा(एकड़ में)
दादरी 23 हजार 826 1 लाख 15 हजार 241
बाढड़ा 12 हजार 894 76 हजार 52
बौंदकलां 5 हजार109 20हजार 885
सरसों की फसल का रकबा है ज्यादा
जिले में गेहूं के मुकाबले सरसों का रकबा ज्यादा है। इस बार जिले में 53 हजार 300 हेक्टयेर में सरसों की बिजाई की गई है। वहीं 49 हजार 500 हेक्टेयर में गेहूं की बिजाई की गई है। बारिश कम होने व सिंचाई के साधन कम होने के कारण ही जिले में सरसों की फसल का रकबा ज्यादा होता जा रहा है।\\\'\\\' - नितिन जांगड़ा, सहायक प्रौद्योगिक प्रबंधक, कृषि विभाग|
गांव वाइज शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा
एक अप्रैल से सरसों व गेहूं की खरीद शुरू करने के निर्देश मिले है। 25 मार्च को सरसों की खरीद के लिए गांव वाइज शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा। ताकि किसानों को फसल बेचने में कोई परेशानी ना हो।\\\'\\\' - सुरेश कुमार, सचिव, मार्केट कमेटी|