- Hindi News
- National
- Jhojhu Kalan News Haryana News 612 Farmers Applied To Agriculture Department For Compensation Of Hailstorm Affected Crops
ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का मुआवजा लेने के लिए 612 किसानों ने कृषि विभाग को दिए आवेदन
शुक्रवार को जिले के विभिन्न गांव में हुई ओलावृष्टि के कारण फसलों को काफी नुकसान हुआ है। फसलों में हुए नुकसान की भरपाई के लिए किसान कृषि विभाग कार्यालय में आवेदन कर रहे हैं। विभाग की तरफ से रविवार को भी जिला कृषि कार्यालय में कैंप लगाकर किसानों से फसलों में हुए नुकसान के आवेदन जमा किए गए।
जिले में अब तक 612 किसानों ने अपनी फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए आवेदन विभाग को दिए हैं। विभाग की तरफ से जल्द ही इन खेतों में जाकर फसलों का सर्वे किया जाएगा जिसके आधार पर ही किसानों को मुआवजा राशि वितरित की जाएगी। बरसात व ओलावृष्टि के कारण खराब हुई फसलों की स्पेशल गिरदावरी करवाने के कृषि विभाग कार्यालय में आवेदन जमा कराने के लिए दिनभर किसानों की भीड़ लगी रही। रविवार तक 612 किसानों ने आवेदन जमा करवाएं है। इन आवेदनों के आधार पर ही बीमा कंपनी के अधिकारी व कृषि विभाग के अधिकारी खेतों में जाकर नुकसान का आंकलन करेंगे। क्षेत्र में बीते तीन दिन पहले बारिश व ओलावृष्टि से गेहूं व सरसों की फसल में काफी नुकसान हुआ है। प्राकृतिक आपदा से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए अधिकांश किसानों ने फसलों का बीमा करवाया हुआ है। फसल बीमा का लाभ लेने के लिए किसानों को 72 घंटों में कृषि अधिकारियों को सूचित करना होता है।
किसान रविवार को भी कृषि विभाग कार्यालय में पहुंच कर आवेदन कर रहे थे। किसानों की सुविधा के लिए अधिकारियों ने ब्लाॅक अनुसार तीन अलग अलग काउंटर लगाए हुए थे। आवेदन जमा करवाने के लिए कार्यालय में दिनभर भीड़ लगी रही।गुरूवार को जिले में हुई बारिश व ओलावृष्टि के दौरान किसानों ने नुकसान की भरपाई के लिए आवेदन किया था। अब बीते दिनों हुई बारिश के बाद किसानों को दोबार से आवेदन करने पहुंच रहे है। पहले हुई बारिश से हुए नुकसान का अभी आंकलन नहीं हुआ है। जो किसान एक बार आवेदन जमा करवा चुके है, उन्हें दोबारा से आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। बीमा कंपनी प्राप्त आवेदनों के आधार पर ही नुकसान का आंकलन करेगी। कृषि विभाग के एडीओ, नितिन जागंड़ा ने कहा कि फसलों में प्राकृतिक आपदा के कारण हुए नुकसान की जानकारी किसानों को 72 घंटों में कृषि विभाग कार्यालय में देनी होती है। रविवार शाम तक जिले के 612 किसानों ने आवेदन किए है। सोमवार आवेदनों के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। जिसके बाद ही इन गांव की सर्वे कर नुकसान का आंकलन
किया जाएगा।
झाेझू कलां। कृषि विभाग कार्यालय में अावेदन जमा करवाते किसान।