- Hindi News
- National
- Fatehabad News Haryana News 9 Pink Buses Will Take Girls To School And College
छात्राओं को स्कूल और कॉलेज ले जाएंगी 9 पिंक बसें
प्रदेश की गठबंधन सरकार के कॉमन मिनिमम प्रोग्राम के तहत छात्राओं की सुविधा के लिए पिंक बसें चलाने के निर्णय के तहत जिला रोडवेज को 9 पिंक बसें मिल गई हैं। शुक्रवार दोपहर को उक्त 9 बसें बस स्टैंड में पहुंची। इनमें से 7 बसों का संचालन फतेहाबाद डिपो से तथा 2 बसों को संचालन टोहाना सब डिपो से किया जाएगा।
यहां बता दें कि उक्त बसें केवल स्कूल व कॉलेज की छात्राओं के लिए चलेंगी तथा छात्राएं ही इनमें सफर कर सकेंगी। इन बसों को स्कूल व कॉलेज लगने तथा छुट्टी होने के समय चलाया जाएगा। ये बसें शहर के सभी कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज, आईटीआई तथा राजकीय कन्या विद्यालय की छात्राओं को कॉलेज तक छोड़कर आएगी तथा छुट्टी के समय उन्हें वापिस लेकर आएगी। पासिंग के बाद अगले सप्ताह इन बसों को ऑन रूट कर दिया जाएगा।
इन शिक्षण संस्थानों की छात्राओं को मिलेगी बस की सुविधा
गुलाबी बसें शहर के बस स्टैंड से भोडियाखेड़ा स्थित मनीराम गोदारा राजकीय कन्या महाविद्यालय तथा आईटीआई कॉलेज तक जाएंगी क्योंकि जिला मुख्यालय के एकमात्र महिला कॉलेज होने के चलते तथा आईटीआई होने के चलते वहां सबसे अधिक छात्राएं जाती हैं। इसके अलावा शहर के रतिया रोड स्थित एमएम कॉलेज, महाराजा अग्रसेन स्कूल, नेशनल हाइवे स्थित गांव धांगड़ मे पॉलिटेक्निक तथा भूना व रतिया रूट पर इन बसों को चलाया जाएगा।
अगले सप्ताह से चला दी जाएंगी
जिले को 9 गुलाबी बसें मिल गई हैं। ये बसें विभिन्न शिक्षण संस्थानों तक केवल छात्राओं के लिए चलाई जाएंगी। जल्द ही बसों का बीमा व पासिंग का काम पूरा होने के बाद अगले सप्ताह से बसों को ऑन रूट कर दिया जाएगा।\\\'\\\' -आरएस पूनिया, जीएम रोडवेज।
भोडियाखेड़ा जाती हैं 32 बसें
रोडवेज अधिकारियों के अनुसार भोडियाखेड़ा महिला कॉलेज तथा आईटीआई तक रोजाना रोडवेज की 32 स्पेशल बसें छात्राओं के लिए चलाई जा रही हैं। ये बसें भोडियाखेड़ा तक केवल छात्राओं को छोड़ने जाती हैं तथा इसके बाद भोडियाखेड़ा से आगे विभिन्न रूटों पर आमजन के लिए चलती हैं।
फतेहाबाद। बस स्टैंड में खड़ी पिंक बसें।