- Hindi News
- National
- Radaur News Haryana News 9 Year Old Dev Of Agra Who Hoisted The Tricolor On The Houses And Monuments Of 1590 Martyrs Paid Tribute To The Martyrs At The Inquilab Temple With Their Father
1590 शहीदों के घरों व स्मारकों पर तिरंगा फहरा चुके आगरा के 9 वर्षीय देव ने पिता के साथ इंकलाब मंदिर में शहीदों को दी श्रद्धांजलि
आगरा जिले के खंदोली गांव में रहने वाले 9 साल के देव पराशर अपने पिता सतीश पराशर के साथ 90 हजार किलोमीटर की दूरी तय कर 6 राज्यों में 1590 शहीदों के घरों व स्मारकों पर तिरंगा फहरा चुके हैं। सोमवार को 9 वर्षीय देव अपने पिता सतीश के साथ इंकलाब मंदिर गुमथला पहुंचा और देश के एकमात्र इंकलाब मंदिर में शहीदों को नमन करते हुए ध्वजारोहण किया। देव व उसके पिता सतीश ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इंकलाब मंदिर की ओर से देव व उसके पिता सतीश को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। खंदोली गांव में निजी स्कूल चलाने वाले सतीश पराशर ने बताया कि देव ने 2 जुलाई 2018 को शहीदों के घर और स्मारकों पर झंडा लगाने के अभियान की शुरुआत की थी। यह अभियान 11 हजार राष्ट्रीय ध्वज लगाने के बाद ही पूरा होगा। 5वीं कक्षा में पढ़ने वाले देव ने पहले शहीदों को सेल्यूट किया, फिर शहीदों को श्रद्धांंजलि अर्पित कर राष्ट्रीय गान गाया।
देव के पिता सतीश ने बताया कि जून 2018 में देव ने टीवी पर कैलिफोर्निया के 12 साल के बच्चे द्वारा सैनिक स्मारकों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने की खबर देखी थी। वहां उसने मात्र 2 महीनों में ही झंडे फहरा दिए थे, क्योंकि वहां शहीदों के हजारों स्मारक एक ही स्थान पर थे। तभी से देव ने शहीदों के घर पहुंचकर श्रद्धांजलि देने के साथ तिरंगा लगाने का संकल्प लिया। उन्होंने बताया कि वह हर महीने शनिवार व रविवार को गाड़ी लेकर शहीद के घर पहुंचते हैं। वे झंडे से लेकर शहीदों के घर पहुंंचने तक का खर्च खुद वहन करते हैं। अब तक वह उत्तरप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के करीब 1590 शहीद स्मारकों व शहीदों के घर पर तिरंगा फहरा चुके हैं। दूर जाने के लिए वे ग्रीष्मकालीन व शीतकालीन छुटि्टयों को चुनते हैं।
रादौर | इंकलाब मंदिर में देव व पिता सतीश को सम्मानित करते वरयाम सिंह।