उपलब्धि: तीन शोधार्थियों की पीएचडी थीसिस जमा
चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग ने बुधवार को एक नई उपलब्धि हासिल की। दूसरी यूनिवर्सिटीज को पछाड़ते हुए नया उदाहरण पेश किया। सीडीएलयू के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में एक ही दिन में 3 शोधार्थियों ने अपनी पीएचडी थीसिस जमा करवा दी। एक दिन तीन शोध रिपोर्ट जमा होना बहुत बड़ी उपलब्धि है। पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में डॉ. सेवा सिंह बाजवा के निर्देशन में शोध कर रहे तीन शोधार्थियों अनिल बैनीवाल, अर्किन चावला और प्रभात ने अपनी शोध रिपोर्ट जमा करवाई। डॉ. बाजवा ने बताया कि सीडीएलयू के इतिहास में एक ही दिन में तीन पीएचडी शोधार्थियों द्वारा थीसिस जमा करवाना पहली बार हुआ है। उन्होंने बताया कि पीएचडी शोधार्थी अनिल कुमार बैनीवाल ने स्वच्छ भारत अभियान से संबंधित जनसेवी विज्ञापनों के प्रति ग्रामीण हरियाणा में जन जागरूकता: एक अध्ययन विषय पर शोध कार्य किया। शोधार्थी अर्किन चावला ने इंडियनाइजेशन आॅफ शेक्सपीयर इन हिंदी सिनेमा पर शोध कार्य किया। शोधार्थी प्रभात ने धार्मिक टेलीविजन चैनलों की उपयोगिता के बारे में ग्रामीण हरियाणा के लोगों की राय: एक अध्ययन विषय पर शोध कार्य किया। विभाग की उपलब्धि पर चेयरमैन प्रो. उमेद सिंह ने शोधार्थियों को थीसिस जमा करवाने पर बधाई दी।