- Hindi News
- National
- Kurukshetra News Haryana News Adolescent Girls Aware Of Anemia In Anganwadi Centers
आंगनबाड़ी केंद्रों में किशोरियों को एनीमिया के प्रति किया जागरूक
महिला एवं बाल विकास विभाग की सीडीपीओ कुसुम कंबोज के निर्देशानुसार गुरुवार को शहर के आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण पखवाड़ा अभियान के तहत किशोरियों को अनीमिया के प्रति जागरूक किया गया। किशोरियों को स्वयं को अनीमिया मुक्त रखने की शपथ दिलाई गई। उन्हें अनीमिया से बचने के उपाय बताए गए।
आंगनबाड़ी विभाग की सुपरवाइजर सुदेश की अगुवाई में महंत प्रभातपुरी कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं को अनीमिया के बारे में बताया गया। सुपरवाइजर सुदेश ने छात्राओं को बताया कि खून में हिमोग्लोबिन की कमी को अनीमिया कहते हैं। अनीमिया होने पर शहरी में जल्दी थकावट, सुस्ती, घबराहट होना, चक्कर आना, सांस फूलना व दिल की धड़कन तेज होती है। अनीमिया होने पर पिंडलियों में दर्द व पैरों में सूजन हो जाती है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-3 के अनुसार प्रदेश में 70 प्रतिशत गर्भवती महिलाओं को अनीमिया है। इससे बचने के लिए हमें पौष्टिक आहार लेना चाहिए। भोजन में साबुत अनाज जैसे गेहूं, जौ, चावल, हरी पत्तेदार सब्जियां लेनी चाहिए।
मौसम के अनुसार फल खाने चाहिए। उन्होंने छात्राओं को खाने के साथ चाय का सेवन न करने की सलाह दी। राजपूत बस्ती आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता अंशुल ने किशोरियों को पौष्टिक आहार लेने के प्रति प्रेरित किया और छात्राओं को अनीमिया मुक्त रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि हमें मिल कर हर घर तक सही पोषण का संदेश पहुंचाना और समाज को अनीमिया मुक्त रखने में अपना सहयोग देना है। इस मौके पर आंगनबाड़ी अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
कुरुक्षेत्र | महंत प्रभातपुरी कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं को एनीमिया के बारे में जानकारी देतीं सुपरवाइजर सुदेश।