- Hindi News
- National
- Fatehabad News Haryana News After 12 O39clock Drizzle 8 Mm Of Rain Occurred In 15 Minutes After The Drizzle Light Hail
12 बजे तक बूंदाबांदी के बाद शाम को 15 मिनट में हुई 8 एमएम बरसात से हुआ जलभराव, हल्की ओलावृष्टि
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण बुधवार सुबह से ही मौसम बदल गया और आसमान में बादल छा गए। सुबह साढ़े 8 बजे से शुरू हुई हल्की बूंदाबांदी दोपहर 12 बजे तक चलती रही। इसके बाद मौसम कुछ साफ हुआ तथा कुछ समय के लिए धूप निकलने से लोगों को राहत मिली। लेकिन शाम साढ़े 5 बजे फिर से तेज बरसात शुरू हो गई। 15 मिनट तक लगातार बारिश हुई। 8 एमएम बरसात होने से शहर के विभिन्न इलाकों में जलभराव हाे गया। शाम को हुई तेज बरसात के साथ हल्की ओलावृष्टि भी हुई। तेज बरसात के कारण शहर के धर्मशाला रोड, तुलसीदास चौक, जवाहर चौक तथा रतिया चुंगी क्षेत्र में जलभराव होने से लोगों को तथा वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आज व कल भी बादल छाए रहेंगे तथा तेज हवाओं के साथ बरसात होने का अनुमान है।
6 मार्च को हुई बेमौसमी बरसात व ओलावृष्टि के कारण गेहूं में हुए नुकसान से निराशा झेल रहे किसानों के चेहरे बुधवार को बदले मौसम के बाद फिर से मुरझा गए। बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 22 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज किया गया।
रतिया में तेज बरसात से सीवरेज व्यवस्था ठप
रतिया| क्षेत्र में बुधवार शाम हुई बरसात से जहां फसलों को नुकसान हुआ है वही शहर में हुए जलभराव ने लोगों को परेशानियों को सामना करना पड़ा। बरसात से मेन बाजार में पानी जमा हो गया। बाजार में पानी भरने से आगमन बंद हो गया। दुकानदारों का कहना है कि मेन बाजार शहर का प्रमुख बाजार है। बरसाती पानी की निकासी न होने के कारण आसपास की कॉलोनियों व सड़कों का पानी मेन बाजार में जमा हो जाता है। इससे वे अपनी दुकानों से भी बाहर नही निकल पाते। ऐसे ही फतेहाबाद रोड, बुढलाडा रोड, मंडी रोड पर भी जल भराव हो गया। कई क्षेत्रों में सीवरेज व्यवस्था ठप हो गई। बरसात से अनेक जगहों पर जलभराव होने से लोगों को आवागमन में भी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
13 मार्च तक होगी बरसात
13 मार्च तक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा इसलिए आज और कल भी क्षेत्र में बरसात होने की संभावना है।\\\'\\\' - मदन लाल खिचड़, विभागाध्यक्ष, मौसम विभाग, सीसीएसहकृवि, हिसार।
सरसों और गेहूं दोनों में नुकसान
गेहूं की फसल में दाना बन रहा है तथा सरसों की फसल पक कर तैयार होने को है।बरसात होती है तो दोनों ही फसलों में नुकसान होगा।\\\'\\\' - राजेश, डीडीए।
अब बरसात फायदेमंद नहीं
यहां बता दें कि इन दिनों गेहूं की बालि में दाना बन रहा है। ऐसे में इस समय बरसात की जरूरत नहीं है। किसान इस बात से भी चिंतित हैं कि गेहूं की फसल में पिछली बरसात का पानी भी अब तक नहीं सुखा है। वहीं अगेती गेहूं की फसल बिछने से पहले ही काफी नुकसान हो चुका है। ऐसे में अब यदि ओर अधिक बरसात होती है तो गेहूं की फसल में भारी नुकसान हो सकता है।
खेतों में पानी खड़ा होने से गेहूं की फसल को नुकसान
जिले में 6 मार्च को हुई तेज बरसात व ओलावृष्टि का नुकसान अब दिखने लगा है। रतिया व टोहाना के इलाके में सोतर के खेतों में अब तक खेतों में बरसात का पानी रुका होने के कारण गेहूं की फसल पीली पड़नी शुरू हो गई है। वहीं ओलावृष्टि के कारण भी फसलों में नुकसान हुआ है।
बरसात से फतेहाबाद के मुख्य चौक पर हुआ जलभराव।
गांव मघावाली में खेत में रूके पानी से खराब हुई गेहूं की फसल।