- Hindi News
- National
- Kaithal News Haryana News Agents Taken By Two Badsui Youths To Canada On Tourist Visa In Canada
कनाडा के नाम पर बदसूई के दो युवकों को टूरिस्ट वीजा पर मलेशिया ले गए एजेंट कई दिनों तक कमरे में बंद व भूखा रखा
गांव बदसूई के रहने वाले दो युवाओं को विदेश भेजने के नाम पर रिश्तेदार व एजेंट ने मिलकर छह लाख रुपए ठग लिए। इतना ही नहीं, आरोपी दोनों युवकों को कनाडा भेजने की बजाय टूरिस्ट वीजा पर मलेशिया ले गए और कई दिनों तक उन्हें भूखा व कमरे में बंद रखा। उसके बाद उन्हें वापस भारत लाकर छोड़ दिया। जब युवकों के परिजन आरोपियों से पैसे मांगने लगे तो उन्होंने देने से साफ इनकार कर दिया।
आरोपियों को खिलाफ कार्रवाई को लेकर पीड़ित कई महीनों तक नेताओं और पुलिस के उच्चाधिकारियों के चक्कर काटते रहे लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसके बाद पीड़ित ने सीएम विंडो पर शिकायत की और अब जाकर डीएसपी कृष्ण कुमार के आदेश के बाद चीका थाने में आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित राजपाल ने दी शिकायत में बताया कि आरोपी सोनू उनका रिश्तेदार है और उनके पास आता-जाता रहता था। उन्होंने कहा कि वे और कुरुक्षेत्र निवासी उनका दोस्त देवदत्त शर्मा दोनों युवाओं को विदेश भेजना के काम करते हैं। वे उनके लड़के व भतीजे को भी विदेश में 7 लाख में वर्क परमिट दिला देंगे। राशि ज्यादा बताने पर दोनों ने 6 लाख रुपए देने की बात कही। उसके बाद एक दिन एक लाख रुपए नकद व दोनों युवकों के पासपोर्ट अपने साथ ले गए। उसके बाद धीरे-धीरे करके पूरे 6 लाख रुपए उन्होंने ले लिए। दबाव डालने पर वे दोनों युवाओं को 16 अक्टूबर को मलेशिया ले गए। वहां उन्हें कई दिनों तक भूखा और बंद कमरे में रखा। 27 अक्टूबर को वापस भारत लाकर छोड़ दिया। उन्होंने कई बार रुपए मांगे, लेकिन आरोपियों ने देने से साफ इनकार कर दिया। पुलिस और नेताओं में से जब किसी ने सुनवाई नहीं की तो उन्होंने सीएम विंडो लगाई।