- Hindi News
- National
- Sirsa News Haryana News All Corona Suspects Reported Negative Yet Administration Alerts Public Programmed Canceled
सभी कोरोना संदिग्ध की रिपोर्ट आई निगेटिव फिर भी प्रशासन अलर्ट,पब्लिक प्रोग्राम किए रद्द
जिले में सभी कोरोना वायरस संदिग्ध की रिपोर्ट निगेटिव आई है लेकिन फिर भी जिला प्रशासन की ओर से कोरोना वायरस से बचने के लिए आगामी 15 अप्रैल तक जिला में होने वाले सभी सरकारी और गैर सरकारी सामूहिक कार्यक्रम पर रोक लगाने के आदेश जारी कर दिए है। जिनमें खेल गतिविधियों सहित स्कूल कॉलेज में होने वाले कार्यक्रम पर भी रोक लगाई गई है। इसके अलावा डेरा सच्चा सौदा प्रबंधन ने भी अगले आदेशों तक अपने होने वाले नामचर्चा के कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। ब्लॉक स्तर पर होने वाले कार्यक्रम भी एक बार स्थगित रहेंगे। वहीं पुलिस विभाग की ओर से होने वाले राहगीरी कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं।
जिले में स्वाइन फ्लू पॉजिटिव आई महिला रोगी की जांच रिपोर्ट
वहीं, जिले में स्वाइन फ्लू पीड़ित एक महिला सामने आई है। जोकि हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती है। महिला जांच रिपोर्ट को दिल्ली की सरकारी लैब ने पॉजिटिव करार दिया है। जिसके बाद से स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया है। नागरिक अस्पताल में 4 बेड का स्वाइन फ्लू आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। जिसमें सक्षम मशीन, ऑक्सीजन, मास्क, ग्लाउज व पर्याप्त दवाएं उपलब्ध करवाई हैं। जबकि आयुष विंग में फ्लू क्लीनिक पहले से बना रखा है। जहां से रोगियों की जांच और छंटनी की जाती है। वहीं विभागीय टीमें लोगों को कोरोना वायरस और स्वाइन फ्लू से बचाव बारे जागरूक करने में जुटी हैं।
स्वाइन फ्लू से आशंकित एक महिला तीन दिन पहले शहर के निजी अस्पताल में भर्ती हुई थी। निजी अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में दाखिल आशंकित महिला की सूचना जिला स्वास्थ्य विभाग के पास आई, तो विभाग ने तुरंत प्रभाव से महिला के ब्लड सैंपल दिल्ली की सरकारी लेबोरेट्री में भिजवाए। जिसकी रिपोर्ट स्वाइन फ्लू पॉजिटिव आई है। उधर निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने महिला की हालत गंभीर बताते हुए उसको हिसार रेफर कर दिया था। हिसार के निजी अस्पताल में उपचाराधीन महिला की हालत अब खतरे से बाहर बताई जाती है। इससे पहले 5 फ्लू से आशंकित मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। स्वाइन फ्लू अपना दायरा न बढ़ा सके इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है।
इटली से आए युवक को कोरोना पीड़ित बताकर मैसेज वायरल करने वाले के खिलाफ केस दर्ज
सिरसा| कोरोना वायरस फैलने की दहशत के बीच शनिवार को किसी शरारती तत्व ने सोशल मीडिया के जरिए वाटसअप पर गांव पन्नीवाला मोरिकां में कोरोना पीड़ित मरीज होने की सूचना डालकर मैसेज वायरल कर दिया। इस पर स्वास्थ्य विभाग के हाथ पांव फूल गए। टीमें तुरंत गांव में पहुंची। गांव में जगह जगह जाकर पड़ताल की। तब जाकर पता चला कि मैसेज लिखी गई सूचना झूठी है। इसके बाद डबवाली नागरिक अस्पताल के एसएमओ एमएस भादू ने सिटी थाना पुलिस को शिकायत देते हुए झूठी अफवाह फैलाने वाले के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है। पुलिस ने शिकायत दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। वाटसअप ग्रुप में वायरल हुए मैसेज में बताया गया कि गांव पन्नीवाला मोरिकां में एक युवक इटली से आया है, जोकि कोरोना से प्रभावित है। इस मैसेज की सच्चाई जानने के लिए डबवाली के सह-चिकित्सा अधिकारी डाॅ. एमएस भादू ने स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में उतार दी। टीम ने गांव के सरपंच के साथ घर-घर जाकर पड़ताल की, मगर ऐसा कोई व्यक्ति नहीं मिला। डाॅ. भादू ने बताया कि लोगों को इसके बारे में जागरूक किया जा रहा है।
कोरोना वायरस का अभी जिले में कोई प्रभाव नहीं
कोरोना वायरस का अभी सिरसा जिला में कोई प्रभाव नहीं है। इसलिए आगे भी जिलावासियों को सावधानी बरतनी चाहिए। साफ सफाई का ज्यादा ध्यान रखे। हाथों को धोते रहे। जरूरी जगह रूमाल इत्यादि का भी प्रयोग करें। जिसके खांसी जुकाम और छींक आ रही है। वे लोग मास्क का प्रयोग करें। सभी लोगों को मास्क का प्रयोग करने की जरूरत नहीं है। \\\'\\\' -सुरेंद्र नैन, सीएमओ नगारिक अस्पताल सिरसा
स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखें, तो डॉक्टर की लें सलाह
सिरदर्द, खांसी, लगातार बुखार और बदन दर्द, गले में खराश महसूस होना, नाक जमे रहना या पानी बहना, सांस लेने में दिक्कत के साथ कमजोरी या थकान होना, मास पेशियों में खिंचाव, ठंड लगना या उल्टी आना स्वाइन फ्लू के लक्षण हो सकते हैं। लिहाजा किसी में स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखंे, तो उससे कम से कम तीन फीट की दूरी बनाए रखें। \\\'\\\' -डॉ. दीप गगनेजा, नोडल ऑफिसर।
स्वाइन फ्लू पीड़िता की हालत में सुधार
जिले में स्वाइन फ्लू पॉजिटिव एक महिला सामने आई है। उक्त महिला हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत ठीक है। पीड़ित महिला के परिवारजनों में दवाएं उपलब्ध करवा दी हैं। विभागीय टीमें लोगों को बचाव बारे जागरूक करने में जुटी हैं।\\\'\\\' -डॉ. दीप गगनेजा, जिला मलेरिया अधिकारी, सिरसा।
2019 में स्वाइन फ्लू से हुई थी 4 की मौत
पिछले वर्ष जिला में स्वाइन फ्लू ने कहर बरपाया था। चपेट में आए 4 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें दाे बच्चे शामिल थे। जबकि पॉजिटिव मरीजों की तादाद 64 तक पहुंची थी। हालांकि वर्ष 2018 में दो पॉजिटिव केस सामने आए थे। वहीं वर्ष 2017 में 4 और वर्ष 2016 में 23 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
अस्पताल के फ्लू क्लीनिक में होती है फ्लू प्रभावित मरीजों की जांच
उप सिविल सर्जन डॉ. वीरेश भूषण ने बताया कि जिलें में बरसात से मौसम ठंडा है। जिससे खांसी- जुकाम के रोगियों की ओपीडी में इजाफा होने लगा है। फ्लू से प्रभावित मरीजों की नागरिक अस्पताल के आयुष विंग में बनाए फ्लू क्लीनिक से जांच व छंटनी की जाती है। जिसमें खांसी- जुकाम के मरीजों की स्पेशल ओपीडी का प्रावधान है। संभावित कोरोना वायरस मरीजों के लिए मास्क, दस्ताने और हैंड सैनिटाइज़र की व्यवस्था है। स्वाइन फ्लू और कोरोना वायरस के आशंकित मरीजों के लिए अलग आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं। हालांकि कोरोना वायरस का कोई पॉजिटिव केस जिला में नहीं है। इसके बावजूद विभाग अलर्ट है और टीमें विदेश से लौटने वालों पर नजर बनाए हुए हैं।
कोरोना वायरस से डरो ना
रोडवेज जीएम केआर कौशल ने बताया कि कोरोना के संक्रमण से बचाव के लिए रोडवेज विभाग अलर्ट है। यात्रियों में किसी प्रकार का संक्रमण ना फैले इसलिए बसों को सनेटाइज़ करके स्वच्छ किया जा रहा है।