होलिका के साथ घृणा का भी दहन करें: जस्टिस कंवल
दी बिलासपुर बार एसोसिएशन की ओर से सोमवार को कोर्ट परिसर में होली मिलन पर्व मनाया गया। जस्टिस कंवल कुमार ने सभी अधिवक्ताओं को होली की बधाई दी। उन्होंने सभी को होली पर्व सौहार्द व भाईचारे के साथ मिलाने का संदेश दिया। जस्टिस कंवल ने कहा कि होलिका दहन के साथ हमें अपने मन की नफरत व घृणा को भी सदा के लिए दहन करना चाहिए। हमें सभी धर्मों के पर्व आपस में मिलजुल कर मनाने चाहिए। मानव को एक दूसरे से प्रेम करना चाहिए। होली उमंग व उल्लास का पर्व है। बार सदस्यों ने एक दूसरे को अंबीर व गुलाल लगाकर होली मनाई। बार प्रधान अतुल बंसल ने कहा कि होली दिलों के मिलन का पर्व है। हमें आपसी मतभेद भूला कर होली मिलन में हिस्सा लेना चाहिए। बुराई का त्याग करना ही सही मायने में होली मनाने का पर्व है। मौके पर अधिवक्ताओं ने कविता, गीत, गजल, शायर-शायरी कर माहौल को खुशनुमा बनाया। इस अवसर पर एसोसिएशन के महासचिव रामेश्वर लेदी, उपप्रधान विजय पाल सिंह, विदुर अत्री, मनदीप चौहान, बलकार सिंह, रविंद्र जोगीवाड़ा, कृष्ण शर्मा, अरुण शक्करवाल उपस्थित रहे।
_photocaption_बिलासपुर | बार रूम में जस्टिस कंवल कुमार के साथ होली मनाते अधिवक्ता।*photocaption*