- Hindi News
- National
- Radaur News Haryana News Angry Farmers Protesting For Not Being Tehsildar Memorandum Submitted To Cm Handed Over To Sdm
तहसीलदार न होने से नाराज किसानों ने दिया धरना, एसडीएम को सौंपा सीएम के नाम ज्ञापन
तहसील रादौर मेेें छह माह से तहसीलदार व नायब तहसीलदार का पद खाली होने से गुस्साए किसानों ने सोमवार को तहसील परिसर में रोष प्रकट किया। भारतीय किसान यूनियन जिला प्रधान सुभाष गुर्जर के नेतृत्व में किसानों ने अपनी मांग को लेकर सरकार व प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी की। किसानों से बातचीत करने तहसीलदार बिलासपुर तरुण सहोता मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि जल्द तहसील में तहसीलदार की नियुक्ति कर दी जाएगी लेकिन किसान उनके आश्वासन से संतुष्ट नहीं हुए।
बाद में किसानों ने एसडीएम कंवरसिंह को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर तहसीलदार नियुक्ति करने की मांग की। भारतीय किसान यूनियन की ओर से जिला प्रधान सुभाष गुर्जर ने सरकार व प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 20 मार्च तक रादौर में तहसीलदार की नियुक्ति नहीं हुई तो किसान तहसील रादौर पर ताला जड़कर अनिश्चितकालीन आंदोलन छेड़ देंगे जिसके लिए सरकार व प्रशासन जिम्मेवार होगा। जिला प्रधान सुभाष गुर्जर ने बताया कि दोनों पोस्ट खाली हैं। पेंशन, मेरा फसल मेरा ब्यौरा, पिछले साल की ओलावृष्टि से खराब हुई फसल के मुआवजे के लिए तहसील में सारा सारा दिन चक्कर काटते हैं और शाम को अपने मायूस होकर वापस घर लौट जाते हैं। क्षेत्र के किसानों को छछरौली में कार्यवाहक तहसीलदार सुरेश कुमार के पास जाना पड़ता है जबकि तहसीलदार छछरौली मात्र दो दिन यहां बैठते हैं जिस कारण लोगों के जरूरी काम नहीं हो पाते। बच्चों को सर्टिफिकेट बनवाने, किसानों की रजिस्ट्री व तहसील के सभी काम रुके हैं। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप नगला, जिला उपाध्यक्ष जयपाल चमरोड़ी, सतपाल मानकपुर हलका प्रधान साढौरा, सुभाष चमरोड़ी उपप्रधान रादौर, बाजिंद्र सिंह राणा गोलनी, जसवंत कलेसरा, सुरेश बूबका, कर्णवीर सलेमपुर, सुभाष शर्मा, पप्पू सिलीकला, शमशेर खजूरी, अवतार सिंह कुंजल, कर्मवीर बरहेडी व ओमप्रकाश शर्मा मौजूद थे।
रादौर | तहसील मेें अपनी मांग को लेकर सरकार विरोधी नारेबाजी करते किसान।