आशा वर्करों ने की सेल्फ अप्रेजल रजिस्टर देने की मांग
करनाल.अपनी मांग को लेकर सीएमओ कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ नारेबाजी करती आशा वर्कर ।
करनाल | आशा वर्कर यूनियन का सीएमओ कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना जारी। तीसरे दिन धरने का संचालन सुरेशो ने किया। इस मौके पर जिला उपप्रधान सुमन सुभरी व सुरेशो देवी ने कहा कि आशा वर्करों का मानदेय राज्य अाैर केंद्र सरकार से मिलता है। दोनों सरकारों से मानदेय कभी भी एक मुश्त नहीं मिलता और कई-कई महीनों तक मिलता। इसके चलते आशा वर्करों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ता है। आशा वर्करों के पास सेल्फ अप्रेजल रजिस्टर नहीं है जो पहले दिए थे उनके अक्षर बहुत छोटे हैं। रजिस्टर दिया जाए अाैर अक्षरों का साइज बड़ा किया जाए। एक्टिविटी का नाजायज काटा गया 50 प्रतिशत पैसा वापस किया जाए। आशाओं की गतिविधियों के अलग-अलग रजिस्टर छपवाकर दिए जाएं। 45वें श्रम सम्मेलन की सिफारिशों काे लागू किया जाए।