- Hindi News
- National
- Bhiwani News Haryana News At Present Women Have Achieved High Positions In Every Field Saraf
वर्तमान में महिलाओं ने हर क्षेत्र में उच्च मुकाम हासिल किए: सर्राफ
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लघु सचिवालय स्थित सरल केंद्र में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक घनश्याम दास सर्राफ मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। इस दौरान गुरुग्राम में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया, जहां से मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपना संदेश दिया। सरल केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में विधायक सर्राफ ने कहा कि समाज के निर्माण में महिलाओं की अहम भूमिका होती है। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाली 50 से अधिक महिलाओं को शॉल व प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी दौरान डीसी अजय कुमार ने पोषण पखवाड़े की चेतना रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान एसपी संगीता कालिया भी मौजूद रहीं। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए उनको रोजगार परक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में महिलाओं ने हर क्षेत्र में उच्च मुकाम हासिल किए हैं। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे किसी भी विपरीत परिस्थिति में घबराने की बजाय उसका सामना करें। कार्यक्रम को संबोधित करते डीसी अजय कुमार ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में पंचायतों के सहयोग से ग्राम सभाओं का आयोजन किया जा रहा है, जहां पर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। ग्राम सभाओं में उच्च शिक्षित और विशेष उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाओं को शामिल किया जा रहा है ताकि अन्य महिलाएं उनसे प्रेरणा लें सकें। कार्यक्रम के दौरान अपने-अपने क्षेत्र में विशेष उपलब्धि हासिल करने वाली 50 से अधिक महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पोषण किट का विमोचन करके पोषण पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में हेड कांस्टेबल मीनू ने दुर्गा शक्ति एप के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रोजेक्टर पर भी दुर्गा शक्ति एप की जानकारी दी गई। डीसी अजय कुमार ने महिला एवं बाल विकास विभाग की पोषण पखवाड़ा चेतना रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। चेतना रैली गांवों में महिलाओं को पोषण की जानकारी देंगी। इस अवसर पर एडीसी डॉ. मनोज कुमार, एसडीएम महेश कुमार, अजय चौपड़ा, वीरेंद्र सिंह, अजीत सिंह श्योराण, प्रमोद चहल, नंदराम धानिया, ममता पालीवाल, सुनील वर्मा नंबरदार, श्याम सुंदर शर्मा, दीपिका बजाज सहित महिला एवं बाल विकास विभाग की अनेक अधिकारी व महिलाएं मौजूद रहीं।