- Hindi News
- National
- Bhiwani News Haryana News Attack On Sarpanch39s House To Protest The Removal Of Land From Panchayati Land
पंचायती जमीन से कब्जा हटवाने के विरोध में सरपंच के घर पर हमला
रोहनात में पंचायती जमीन से अवैध कब्जा हटवाने के विरोध में मंगलवार को दो गाड़ियों में सवार होकर आए हथियारबंद एक दर्जन युवकों ने सरपंच के घर में घुसकर परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। इसमें सरपंच प्रतिनिधि समेत परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए। घायलों को हिसार के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मंगलवार काे रोहनात में सरपंच पति रविंद्र व परिवार के सदस्य अपने घर पर बैठे हुए थे। इसी दौरान डटसन व महिंद्रा थार गाड़ियों में सवार होकर लगभग एक दर्जन हथियारबंद युवक आए और सरपंच के घर में घुसकर सरपंच पति रविंद्र पर लाठी से हमला कर दिया। बीच बचाव के लिए परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद हमलावरों ने परिवार के दो सदस्यों के पैराें पर गाड़ी का टायर चढ़ा दिया। अन्य लोगों के मौके पर जमा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। रविंद्र के अलावा परिवार के सदस्य रमेश, मनोज, अमरेंद्र व मंदीप घायल हो गए। घायलों को हांसी के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां से उन्हें हिसार रेफर कर दिया गया है।
घायल सरपंच पति रविंद्र ने बताया कि पूर्व सरपंच रतन सिंह के परिवार के साथ गांव में विकास कार्यों को लेकर विवाद चल रहा है। रतन सिंह के परिवार के एक सदस्य ने गांव में नेहरू पार्क में ईंट व लकड़ी डालकर अवैध कब्जा कर रखा था। इसको उन्होंने हटवा दिया था, लेकिन ईंट अभी भी पड़ी हुई है। इसके चलते रतन सिंह परिवार के सदस्य उससे रंजिश रखे हुए हैं। इसी के चलते रतन सिंह ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर घर में घुसकर हमला किया। घायल रविंद्र ने बताया कि उस पर लाठी से हमला करने के बाद उसके भतीजे नरेश ने गोली मारने का प्रयास किया लेकिन गनीमत से पिस्तौल से गोली नहीं चल पाई और परिवार के सदस्यों ने बीच बचाव कर उनके हथियार व लाठियां छीन लीं। इसके बाद हमलावरों ने जाते समय जब परिवार के सदस्य घर के बाहर खड़े थे उनके पैरों पर डटसन गाड़ी चढ़ा थी और मौके से भाग गए।
जांच कर रही है पुलिस
पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस घायलों के बयान दर्ज करने के लिए हांसी गई हुई है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।\\\'\\\' -श्रीभगवान, थाना एसएचओ, बवानीखेड़ा।